झामुमो नेता कुणाल षाड़ंगी ने टाटा स्टील के एमडी से की मुलाकात, जमशेदपुर के विकास से जुड़े मुद्दे उठाए

यातायात, पार्किंग, औद्योगिक क्षेत्रों में बिजली और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर चर्चा

धालभूमगढ़ एयरपोर्ट निर्माण में टाटा समूह से सहयोग का आग्रह

पूर्वी सिंहभूम। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने टाटा स्टील के ग्लोबल सीईओ सह प्रबंध निदेशक टी. वी. नरेंद्रन से मुलाकात कर जमशेदपुर और पूर्वी सिंहभूम के विकास से जुड़े मुद्दे उठाए। उन्होंने शहर की यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था, औद्योगिक क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति, धालभूमगढ़ एयरपोर्ट और ग्रामीण स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर टाटा स्टील प्रबंधन के समक्ष सुझाव रखे।

कुणाल षाड़ंगी ने बताया कि उन्होंने बिष्टुपुर, साकची और रीगल ग्राउंड सहित टाटा कमांड एरिया के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में जाम और पार्किंग की समस्या पर चर्चा की। उन्होंने टाटा लीज की शर्तों के तहत पार्किंग व्यवस्था की समीक्षा कर उसे प्रभावी ढंग से लागू करने की आवश्यकता बताई। साथ ही, व्यावसायिक एवं भारी वाहनों के नो-एंट्री समय की व्यावहारिक समीक्षा और औद्योगिक परिवहन के लिए अलग ट्रैफिक कॉरिडोर विकसित करने का सुझाव दिया।

स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर उन्होंने टाटा समूह के चेयरमैन नोएल टाटा की देशभर में 40-50 गैर-लाभकारी अस्पताल स्थापित करने की पहल का हवाला देते हुए पूर्वी सिंहभूम के ग्रामीण क्षेत्रों में भी ऐसा जनरल अस्पताल खोलने का आग्रह किया। उन्होंने सुझाव दिया कि सक्षम मरीजों से प्राप्त भुगतान का उपयोग जरूरतमंदों के इलाज में सहायता के लिए किया जा सकता है।

धालभूमगढ़ एयरपोर्ट के मुद्दे पर षाड़ंगी ने बताया कि केंद्र सरकार की ओर से पूछे गए पर्यावरण एवं वन्यजीव संबंधी 19 सवालों के जवाब स्टेज-1 क्लियरेंस के लिए भेजे जा चुके हैं। उन्होंने टाटा समूह से एयरपोर्ट निर्माण में सहयोग का आग्रह करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में हवाई कनेक्टिविटी के साथ व्यापार, पर्यटन और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने सरायकेला-खरसावां की तर्ज पर पूर्वी सिंहभूम के शहर से बाहर स्थित चिन्हित औद्योगिक क्षेत्रों में टाटा पावर या जुस्को के माध्यम से बिजली आपूर्ति का विकल्प उपलब्ध कराने पर भी चर्चा की। इसके लिए झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड के साथ समन्वय कर पहल करने का सुझाव दिया।

कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार औद्योगिक निवेश और विकास के लिए प्रतिबद्ध है। नागरिक सुविधाओं और क्षेत्र के विकास से जुड़ी टाटा समूह की सकारात्मक पहलों में सरकार सहयोग के लिए तैयार है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts