सीएम ने IITF-2026 में झारखंड पवेलियन का किया उद्घाटन, कहा विरासत और विकास को देश के पटल पर लाना उद्देश्य

नई दिल्ली/रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (आईआईटीएफ) 2026 में झारखंड पवेलियन और पलाश का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा एवं वीर शहीद सिद्धो-कान्हू की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उद्घाटन समारोह में राज्य के उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा की हर वर्ष इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर का आयोजन किया जाता है और झारखंड इसमें हर साल अपनी भागीदारी सुनिश्चित करता है। इस वर्ष भी राज्य इसमें भाग ले रहा है, जहां झारखंड सरकार के विभिन्न विभाग अपने-अपने क्षेत्रों की उपलब्धियों और पहलों को प्रदर्शित कर रहे हैं। इस वर्ष हमारी थीम ‘विकास और विरासत’ है। इस थीम के माध्यम से सरकार ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था, महिला समूहों की भागीदारी, कारीगरों एवं शिल्पकारों को मिल रहे प्रोत्साहन तथा राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में हो रही विकासात्मक पहलों को प्रमुखता से प्रस्तुत किया है। मेले में झारखंड की इन सभी विशेषताओं, उपलब्धियों और संभावनाओं को प्रदर्शित किया जा रहा है”।

मुख्यमंत्री ने स्थानीय उत्पादों एवं उद्यमिता से जुड़े प्रयासों की ली जानकारी

पवेलियन पहुंचने पर मुख्यमंत्री का पारंपरिक झूमर नृत्य के साथ स्वागत किया गया। उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने पवेलियन का भ्रमण किया और विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर झारखंड के पारंपरिक हस्तशिल्प, कला-संस्कृति, स्थानीय उत्पादों एवं उद्यमिता से जुड़े प्रयासों की जानकारी ली।

झारखंड पवेलियन में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने, महिला स्वयं सहायता समूहों की भागीदारी बढ़ाने तथा स्थानीय कारीगरों और शिल्पकारों को प्रोत्साहित करने के प्रयासों को दिया गया विशेष स्थान

इस वर्ष भी  आईआईटीएफ -2026 में झारखंड को ‘फोकस स्टेट’ के रूप में भागीदारी का अवसर मिला है। पवेलियन की इस वर्ष की थीम ‘विकास और विरासत’ रखी गई है, जिसके माध्यम से राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के साथ विकास की संभावनाओं और सरकारी योजनाओं को प्रदर्शित किया जा रहा है। राज्य के विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों की उपलब्धियों और पहलों को प्रदर्शित किया गया है। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने, महिला स्वयं सहायता समूहों की भागीदारी बढ़ाने तथा स्थानीय कारीगरों और शिल्पकारों को प्रोत्साहित करने के प्रयासों को विशेष स्थान दिया गया है।

उद्घाटन समारोह में राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार, ग्रामीण विकास विभाग के सचिव मनोज कुमार, उद्योग विभाग के सचिव अरवा राजकमल, पर्यटन विभाग के निदेशक नमन प्रियेश लकड़ा एवं  उद्योग निदेशक विशाल सागर सहित राज्य सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts