रांची। सावन की अंतिम सोमवारी पर राजधानी रांची के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। पहाड़ी मंदिर समेत सुरेश्वर धाम, इक्कीसों धाम चुटिया, लिंगेश्वर मंदिर मधुकम और अरगोड़ा बुढ़ा महादेव मंदिर में सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। चारों ओर हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारे गूंजते रहे।

पहाड़ी मंदिर में करीब 1.50 लाख श्रद्धालुओं ने अरघा सिस्टम के माध्यम से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। सरकारी पूजा-अर्चना के बाद मंदिर के पट सुबह 3:30 बजे श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। इसके बाद भक्त कतारबद्ध होकर मंदिर पहुंचे और भगवान शिव को दूध, गंगाजल, फूल व माला अर्पित कर पूजा-अर्चना की।
अंतिम सोमवारी के कारण पहाड़ी मंदिर में श्रद्धालुओं की लंबी कतार रातू रोड तक पहुंच गई। बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग बड़ी संख्या में बाबा भोलेनाथ के दर्शन के लिए पहुंचे। मंदिर परिसर लगातार हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंजता रहा।
स्वर्णरेखा नदी से जल लेकर पहुंचे कांवरिये
सुरेश्वर धाम और इक्कीसों धाम में भी सुबह से श्रद्धालुओं की भीड़ रही। कई कांवरिये स्वर्णरेखा नदी से जल लेकर पहुंचे और भगवान शिव का जलाभिषेक किया। वहीं अरगोड़ा बुढ़ा महादेव धाम में स्थानीय श्रद्धालुओं ने मंडली बनाकर पूजा-अर्चना की।
मंदिरों में गूंजे भक्ति गीत
सावन की अंतिम सोमवारी को लेकर शहर के विभिन्न शिव मंदिरों में पूजा समितियों की ओर से भक्ति गीतों का आयोजन किया गया। उपवास रखने वाले श्रद्धालु सुबह से ही मंदिरों में पहुंचते रहे। इससे पूरे शहर में भक्तिमय माहौल बना रहा।
सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण को लेकर प्रशासन अलर्ट
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस की टीम भी पूरी तरह अलर्ट रही। मंदिर तक पहुंचने वाले रास्तों पर भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुरक्षा व्यवस्था संभाली गई। अंतिम सोमवारी पर रांची में आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला।











