दिल्ली में 21.78 लाख की साइबर ठगी का आरोपित गिरिडीह से गिरफ्तार

गपई गांव से पकड़ा गया सोनू वर्मा, दिल्ली पुलिस को सौंपा गया, ठगी की रकम कोलकाता पहुंचने का खुलासा

गिरिडीह। गिरिडीह साइबर थाना पुलिस ने करोड़ों रुपये की साइबर ठगी के मामलों में आरोपित सोनू वर्मा को गिरफ्तार किया है। इस बार उसकी गिरफ्तारी पश्चिमी दिल्ली के साइबर थाने में दर्ज 21.78 लाख रुपये की ठगी के मामले में हुई है। गिरिडीह के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गपई गांव से रविवार को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने उसे दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया। अब दिल्ली पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर ले जाने की तैयारी कर रही है।

इस संबंध में गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने बताया कि पश्चिमी दिल्ली के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने साइबर थाना में दर्ज कांड संख्या 522/2026 की जानकारी देते हुए आरोपित की गिरफ्तारी में सहयोग मांगा था। इसके बाद सोनू वर्मा की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई। साइबर इंस्पेक्टर रामेश्वर भगत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गपई गांव स्थित उसके घर पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया।

गिरफ्तारी के बाद देर रात पश्चिमी दिल्ली साइबर थाने के अधिकारी संजीव कुमार पुलिस बल के साथ गिरिडीह पहुंचे। दिल्ली पुलिस की टीम ने सोनू वर्मा से पूछताछ की। दिल्ली पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि ठगी की रकम कोलकाता तक पहुंचाई गई है। अब पुलिस इस मामले में उसके अन्य सहयोगियों की तलाश कर रही है।

पुलिस के अनुसार, सोनू वर्मा पिछले करीब एक दशक से साइबर अपराध की दुनिया में सक्रिय है। उस पर करोड़ों रुपये की ठगी में शामिल होने का आरोप है। वह पहले भी जेल जा चुका है।

पश्चिमी दिल्ली साइबर थाने के अधिकारी संजीव कुमार ने भी सोनू वर्मा की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि उसे कांड संख्या 522/2026 के तहत गिरफ्तार किया गया है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts