स्वच्छता की दौड़ से शुरू हुआ झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा, 28  को खेलगांव में होगा भव्य समापन

28 नवंबर तक राज्यभर में आयोजित होंगे विविध कार्यक्रम, खेलकूद, सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं और जनभागीदारी पर रहेगा विशेष जोर

रांची। झारखंड राज्य स्थापना दिवस, 2026 एवं राज्य सरकार के द्वितीय वर्षगांठ के अवसर पर राज्यभर में 15 दिवसीय विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों की शुरुआत 15 नवंबर को ‘रन फॉर क्लीनलिनेस’ (स्वच्छता के लिए दौड़) से से शुरू हुई, जबकि 28 नवंबर को रांची के खेलगांव में आयोजित भव्य समारोह के साथ इसका समापन होगा। इस दौरान स्वच्छता अभियान, खेलकूद प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम, जनभागीदारी से जुड़े आयोजन, मेला-सह-प्रदर्शनी तथा विभिन्न विकास योजनाओं के उद्घाटन, शिलान्यास और परिसंपत्ति वितरण जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम की शुरुआत 15 नवंबर को सुबह 7 बजे से 8 बजे तक राज्य के सभी जिलों में ‘रन फॉर क्लीनलिनेस’ के आयोजन के साथ प्रारंभ हो चुका है। इसके तहत जिले के किसी प्रमुख स्थल अथवा चौक-चौराहे से दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।  दौड़ का समापन जिले के प्रमुख छठ घाटों की साफ-सफाई के साथ हुआ। इस आयोजन का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के साथ आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।

स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत 17 से 25 नवंबर तक पंचायत, प्रखंड एवं जिला स्तर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इनमें खेलकूद प्रतियोगिताओं के साथ नाटक, नृत्य-संगीत, निबंध लेखन सहित अन्य रचनात्मक गतिविधियां शामिल होंगी। इन आयोजनों के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने और अधिक से अधिक लोगों को स्थापना दिवस समारोह से जोड़ने की पहल की जाएगी।

जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागियों एवं टीमों को 26 और 27 नवंबर को रांची के खेलगांव में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रमों में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता टीमों एवं प्रतिभागियों को 28 नवंबर को आयोजित मुख्य समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा।

वहीं, 26 से 28 नवंबर तक खेलगांव में मेला-सह-प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। इसमें विभिन्न विभागों के स्टॉल के साथ राज्य के प्रत्येक जिले का एक-एक स्टॉल स्थापित किया जाएगा। विभागीय स्टॉल के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, संचालित कार्यक्रमों और जनोपयोगी सेवाओं की जानकारी आम लोगों को उपलब्ध कराई जाएगी। जबकि जिला स्तरीय स्टॉल पर संबंधित जिले के विशिष्ट उत्पादों, पर्यटन स्थलों और आर्थिक गतिविधियों को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त नवाचार पर आधारित विशेष स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जो राज्य में हो रहे नए प्रयोगों और रचनात्मक पहलों को सामने लाएंगे।

सरकार के द्वितीय वर्षगांठ के अवसर पर 28 नवंबर को खेलगांव में आयोजित मुख्य समारोह में विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास एवं शुभारंभ किया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण भी होगा। पंचायत, प्रखंड, जिला एवं राज्य स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं का चयन कर उन्हें सम्मानित किया जाएगा।

कार्यक्रमों की श्रृंखला में 26 से 28 नवंबर तक खेलगांव में प्रतिदिन सांस्कृतिक संध्या का भी आयोजन किया जाएगा। इसके माध्यम से झारखंड की समृद्ध लोककला, संस्कृति, परंपरा और सांस्कृतिक विविधता की झलक प्रस्तुत की जाएगी।

कुल मिलाकर, झारखंड स्थापना दिवस एवं राज्य सरकार की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित यह पखवाड़ा स्वच्छता, जनभागीदारी, प्रतिभा सम्मान, विकास योजनाओं के प्रचार-प्रसार और राज्य की सांस्कृतिक पहचान को एक मंच पर लाने का प्रयास होगा।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts