मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के हस्तक्षेप से बिहार में बंधक बनाए गए झारखंड के आठ श्रमिक मुक्त

गयाजी की बोरवेल कंपनी में करते थे काम, मालिक पर मोबाइल छीनने, मारपीट और मजदूरी रोकने का आरोप

गिरिडीह। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के हस्तक्षेप के बाद झारखंड के गिरिडीह जिले के आठ श्रमिकों को बिहार के गयाजी में बंधक बनाए जाने की स्थिति से मुक्त करा लिया गया। मुख्यमंत्री के निर्देश पर गिरिडीह जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी श्रमिकों को सुरक्षित उनके घर पहुंचाया। मंगलवार को उनकी घर वापसी हुई। सभी श्रमिक पीरटांड़ प्रखंड की हरलाडीह पंचायत के अलग-अलग गांवों के निवासी हैं।

जानकारी के अनुसार, आठों श्रमिक रोजगार और आजीविका की तलाश में बिहार के गयाजी जिले गए थे। वहां वे गयाजी सदर क्षेत्र स्थित एक बोरवेल कंपनी में काम कर रहे थे। आरोप है कि कंपनी के मालिक ने पिछले सप्ताह उनके मोबाइल फोन छीन लिए थे। इसके बाद उनके साथ मारपीट की गई और मजदूरी का भुगतान भी बंद कर दिया गया। श्रमिकों को जबरन रोककर रखा गया था।

पीरटांड़ के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) मनोज मरांडी ने बताया कि श्रमिकों से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के संज्ञान में आया। कंपनी में काम करने वाले श्रमिकों के मोबाइल फोन छीन लिए गए थे। इसके बावजूद उन्होंने किसी तरह दूसरे मोबाइल की मदद से अपनी स्थिति का वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित किया। वीडियो वायरल होने के बाद मामला प्रशासन और सरकार तक पहुंचा।

मुख्यमंत्री ने मामले की गंभीरता को देखते हुए गिरिडीह जिला प्रशासन और संबंधित विभागों को तत्काल श्रमिकों को मुक्त कराने का निर्देश दिया। इसके बाद जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्रवाई शुरू की। प्रशासनिक पहल के बाद सभी आठ श्रमिकों को मुक्त कराया गया और मंगलवार को उनके गृह क्षेत्र पहुंचाया गया।

सकुशल लौटे श्रमिकों में सुनील मुर्मू, सुखू टुडू, सुरेंद्र मुर्मू, राजू बास्के, करमू टुडू, बबलू मरांडी, दिनेश सोरेन और रंजीत मुर्मू शामिल हैं। इनमें सुनील मुर्मू, सुखू टुडू, सुरेंद्र मुर्मू, दिनेश सोरेन और रंजीत मुर्मू बरवाडीह गांव के निवासी हैं। राजू बास्के भेलवाडीह, करमू टुडू जरकाई और बबलू मरांडी शहरपुरा गांव के रहने वाले हैं।

श्रमिकों की सुरक्षित वापसी पर स्थानीय लोगों ने राहत जताई। बीडीओ मनोज मरांडी ने स्वयं श्रमिकों का स्वागत किया और उन्हें घर पहुंचाने की व्यवस्था की। लंबे समय बाद परिवार के बीच लौटने पर श्रमिकों और उनके परिजनों ने राहत की सांस ली।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts