मेधा डेयरी के उत्पादों की बिक्री में वृद्धि, प्रतिदिन ढाई लाख लीटर दूध की खपत

रांची। द झारखंड स्टेट कोऑपरेटिव मिल्क प्रोड्यूसर्स फेडरेशन द्वारा संचालित मेधा डेयरी के उत्पादों की बिक्री में वृद्धि हुई है। प्रतिदिन लगभग ढाई लाख लीटर दूध की खपत होती है। मेधा डेयरी के दूध की विभिन्न वेरायटी (मेधा डीटीएम, मेधा टोंड मिल्क, मेधा स्टैंडर्ड शक्ति, मेधा शक्ति स्पेशल, मेधा स्टैंडर्ड मिल्क, मेधा खोवा मिल्क) को ग्राहक काफी पसंद कर रहे हैं। उक्त बातें झारखंड स्टेट कोऑपरेटिव मिल्क प्रोड्यूसर फेडरेशन के प्रबंध निदेशक राजेश गुप्ता ने कही।
श्री गुप्ता ने बताया कि शहर में उपलब्ध अन्य ब्रांड के उत्पादों की तुलना में मेधा डेयरी के उत्पादों की बिक्री में संतोषप्रद वृद्धि हुई है। उन्होंने बताया कि रांची शहरी क्षेत्र में मेधा डेयरी के 33 बूथ हैं। जहां से औसतन प्रतिदिन लगभग ढाई लाख लीटर दूध की बिक्री की जाती है। जबकि राज्य के किसानों से लगभग तीन लाख लीटर दूध की प्राप्ति होती है। उन्होंने बताया कि मेधा डेयरी के उत्पादों में मिष्टी दही, खीर, पनीर, लस्सी, पेड़ा, घी, गुलाब जामुन, रबड़ी, खोवा व रागी लड्डू आदि की मांग भी बढ़ी है।
उन्होंने बताया कि जल्द ही राजधानी रांची के अलावा झारखंड के अन्य प्रमुख शहरों में भी मेधा डेयरी के प्लांट लगाने की योजना है। दुग्ध उत्पादकों को हर संभव सहयोग करने के प्रति प्रबंधन कृतसंकल्प है।








