जेटेट परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न, राज्य के 986 केंद्रों पर 4.85 लाख से अधिक अभ्यर्थी हुए शामिल

रांची। झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट) रविवार को राज्यभर में संपन्न हो गई। परीक्षा के लिए पूरे राज्य में 986 केंद्र बनाए गए थे। राजधानी रांची में 101 परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। लंबे इंतजार के बाद आयोजित इस परीक्षा में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शामिल हुए। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक हुई, जबकि दूसरी पाली दोपहर ०२ बजे से शाम 4:30 बजे तक निर्धारित थी। पहली पाली के लिए सुबह 7:30 बजे से ०९ बजे तक प्रवेश दिया गया। वहीं, दूसरी पाली के अभ्यर्थियों को दोपहर 12:30 बजे से 1:30 बजे तक परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति दी गई। परीक्षा समाप्त होने के बाद राजधानी में परीक्षार्थियों की आवाजाही का दबाव बढ़ गया। शाम के समय रेलवे स्टेशनों पर भी परीक्षार्थियों की भीड़ देखने को मिली। बड़ी संख्या में अभ्यर्थी अपने गृह जिलों की ओर लौटने के लिए स्टेशन पहुंचे।

परीक्षार्थियों की भीड़ को देखते हुए रांची रेल मंडल की ओर से परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का परिचालन भी किया जा रहा था। इसके बावजूद स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की काफी भीड़ नजर आई। दूसरी ओर, शहर की सड़कों पर भी देर शाम यातायात का दबाव बढ़ गया। कई स्थानों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं और लोगों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ा। परीक्षा केंद्रों से निकलने वाले अभ्यर्थियों और उनके साथ पहुंचे परिजनों की आवाजाही ने शहर के यातायात पर अतिरिक्त दबाव बनाया।

परीक्षा देकर केंद्रों से बाहर निकले अभ्यर्थियों ने प्रश्नपत्र को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रिया दी। कई परीक्षार्थियों ने कहा कि पेपर अच्छा गया और सवाल अपेक्षा के अनुरूप थे। वहीं, कुछ अभ्यर्थियों को गणित के सवालों ने उलझाया। कुछ ने क्षेत्रीय भाषा के प्रश्नपत्र को भी कठिन बताया। अभ्यर्थियों के मुताबिक, प्रश्नपत्र के कुछ हिस्सों को हल करने में अपेक्षा से अधिक समय लगा।

अधिकारिक सूत्रों के अनुसार लेवल-1 की दूसरी पाली में 1,96,211 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 1,72,145 ने परीक्षा दी, जबकि 24,066 अनुपस्थित रहे। उपस्थिति 87.73 प्रतिशत रही। वहीं, लेवल-2 की पहली पाली में 3,69,705 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 3,13,098 परीक्षा में शामिल हुए और 56,607 अनुपस्थित रहे। इस पाली में उपस्थिति 84.69 प्रतिशत दर्ज की गई। इस संबंध में एसएसपी राकेश रंजन ने बताया कि जिले में शांतिपूर्ण परीक्षा सपन्न हुई। कहीं भी कोई अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।

राज्यभर का आंकड़ा

कुल पंजीकृत अभ्यर्थी: 5,65,916

कुल परीक्षा में शामिल: 4,85,243

कुल अनुपस्थित: 80,673

कुल उपस्थिति: लगभग 85.75 प्रतिशत

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts