मॉक पार्लियामेंट करते रहिए राहुल गांधी, प्रधानमंत्री बनने का नंबर नहीं आने वाला : अमित शाह

चंडीगढ़: केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रविवार को चंडीगढ़ प्रशासन की 258 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री शाह ने चंडीगढ़ के विकास के प्रति मोदी सरकार की प्रतिबद्धता पर विस्तार से चर्चा करते हुए 01 नवंबर के दिन दिल्ली को जाम करने की मंशा को लेकर कांग्रेस, राहुल गाँधी और इंडी ठगबंधन के दलों पर जोरदार हमला बोला।

श्री शाह ने कहा कि 01 नवंबर, 1984 को तत्कालीन सत्ताधारी कांग्रेस पार्टी द्वारा प्रायोजित दंगों में हज़ारों सिख भाइयों की निर्मम हत्या कर दी गई थी, हज़ारों सिख भाइयों को ज़िंदा जला दिया गया था, कई सिख बंधुओं को गुरु परंपरा से विपरीत स्थान छोड़कर भागना पड़ा, कई बच्चे यतीम हो गए, कई बहनें विधवा हो गईं और कई लोगों के सिर पर से छत हटा दी गई। तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गाँधी जी ने उस समय कहा था कि बड़ा पेड़ गिरता है तो धरती हिलती है। आज तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गाँधी के पुत्र राहुल गाँधी ने 1984 के दंगों के ज़ख्मों पर नमक छिड़कने के लिए बड़ा जलसा दिल्ली में रखा है। भारतीय जनता पार्टी और सिख समुदाय ने बार-बार राहुल गाँधी और कांग्रेस से आग्रह किया कि 1, 2, 3 नवंबर को दिल्ली में धरना-प्रदर्शन मत करिए, ये सिख दंगों के दिन थे और इससे सिख बंधुओं, माताओं, बहनों, बच्चों की भावनाएं आहत होंगी लेकिन राहुल गाँधी ने विदेश से अपनी पार्टी को आदेश दिया कि उसी दिन रैली और धरना-प्रदर्शन होगा जिस दिन हज़ारों सिखों को जला दिया गया था। देश इसे कभी भी भूल नहीं पाएगा। ऐसा करने पर राहुल गाँधी की तथाकथित मोहब्बत की दुकान से नफरत के सिवा कोई कुछ नहीं ले जा पाएगा।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि 15 साल से विपक्ष चुनाव हार रहा है और अब उन्होंने नया तरीका ढूंढा है, मॉक पार्लियामेंट करने का। मैं राहुल गांधी जी से कहना चाहता हूं कि आपको अगर प्रधानमंत्री बनना है तो ऐसे ही मॉक पार्लियामेंट करते रहिए। आपका नंबर नहीं आने वाला है। दिल्ली में पिछले तीन चुनाव में आपका अकाउंट नहीं खुला है। मेरी बात लिख लीजिए, आने वाले तीन चुनावों में भी आपका अकाउंट नहीं खुलेगा।

दिल्ली के व्यापारियों ने उनसे मिन्नतें की कि इससे उनका हज़ारों करोड़ रुपये का व्यापार का नुकसान होगा, लेकिन उन्हें जिस दिन सिख दंगे हुए थे, सिख नरसंहार हुआ था, उसी काले दिन रैली करनी थी। झूठ बोलना, अराजकता फैलाना, नकारात्मकता फैलाना, संसद चलने न देना, संसद के मसलों को सड़क पर लाकर हो-हल्ला करना, अगर यही उनकी फितरत रही है, तो अगले 5 साल फिर एक बार उन्हें विपक्ष में बैठना होगा।

श्री शाह ने कहा कि नरेन्द्र मोदी जी की सरकार ने सत्ता में आने के बाद दंगा करने वालों के केस फिर से खोले, दंगा पीड़ितों को पांच-पांच लाख रुपये की मदद दी और मुख्य विपक्षी पार्टी के प्रमुख नेताओं को जेल में डालने का काम किया। इस तरह के राजनीतिक पार्टी-प्रेरित दंगे न भारत ने कभी देखे थे और न भारत कभी देखेगा।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी देश को दिन-दूनी रात-चौगुनी तरक्की के साथ आगे बढ़ा रहे हैं। उनके नेतृत्व में धारा 370 समाप्त हो गई, नक्सलवाद समाप्त हो गया, ट्रिपल तलाक समाप्त हो गया और अब 31 दिसंबर 2029 को पंजाब सहित पूरे देश को हम नशामुक्त बनाकर रहेंगे। मोदी जी के नेतृत्व में देश के इंफ़्रास्ट्रक्चर में आमूल-चूल परिवर्तन हुआ है – सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम, सबसे ऊँचा ओवरब्रिज, सबसे लंबा ब्रिज, ये सब आज भारत में बन रहे हैं। 11 लाख करोड़ रुपये के इंफ़्रास्ट्रक्चर के काम हो रहे हैं। हर गरीब के घर में बिजली, हर गरीब के घर में शौचालय पहुंचे, हर गरीब के घर में बैंक अकाउंट पहुँचा, हर गरीब को प्रति माह, प्रति व्यक्ति 5 किलो अनाज मुफ्त में मिल रहा है, बच्चों के लिए स्कूल खुल रहे हैं।

श्री शाह ने कहा कि राहुल गाँधी और इंडी ठगबंधन के नेता संसद नहीं चलने देते ताकि माताओं बहनों को 33% आरक्षण न मिले। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी भारत की मातृशक्ति को 33% आरक्षण देकर रहेंगे, ये हमारा संकल्प है। देश की जनता इन सब बातों को देख रही है। 2029 के चुनाव में सबका हिसाब हो जाएगा। पंजाब में चुनाव आने वाला है वहां पर भी NDA सरकार बनानी है। देश की जनता ये सब बहुत बारीकी से देख रही है – कौन देश को सुरक्षित बना रहा है, कौन देश को विकसित बना रहा है, कौन देश में innovation लेकर आया है, कौन नई शिक्षा नीति लेकर आया है, कौन देश को आर्थिक रूप से समृद्ध बना रहा है।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि आज का दिन बहुत महत्वपूर्ण है। आज ही चंडीगढ़ पुलिस की शुरुआत हुई और आज ही के दिन चंडीगढ़ पुलिस को राष्ट्रपति निशान मिला। 1966 से लेकर 2026 तक की 60 साल की यात्रा में पूरे देश में भी नगरीय रचना के क्षेत्र में चंडीगढ़ की चर्चा होती है। एक प्रकार से पूरे उत्तर भारत में चंडीगढ़ की स्वीकृति आत्मा की तरह है। उन्होंने कहा कि आज यहां शिक्षा, स्वास्थ्य, न्याय, प्रशासन, अनुसंधान और नवाचार से जुड़े 258 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास हो रहा है। 68 करोड़ रुपये की लागत से CTU बस डिपो की शुरुआत हो रही है। 68 करोड़ रुपये की लागत से टाइप-3 मकान पुलिसबलों के आवास के लिए बने हैं। 2029 से पहले चंडीगढ़ पुलिस आवासीय संतुष्टि दर के मामले में देश में प्रथम स्थान पर होगी।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts