भाजपा का संगठनात्मक मजबूती, जनमुद्दों पर आंदोलन और आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों पर दिखा जोर
रांची। प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के अंतिम सत्र में रविवार को समापन भाषण को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री सौदान सिंह ने कार्यसमिति बैठक के सफल आयोजन के लिए प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रदेश नेतृत्व को धन्यवाद दिया। उन्होंने पिछले सात वर्षों में झारखंड के विकास की गति को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य में भाजपा की सरकार नहीं बनने का खामियाजा इस राज्य सरकार के कुशासन के कारण झारखंड और झारखंड की जनता को भुगतना पड़ा है। उन्होंने कहा कि यदि राज्य में भाजपा नेतृत्व की सरकार होती, तो झारखंड विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित कर रहा होता।
सौदान सिंह ने कहा कि वर्तमान गठबंधन सरकार के कार्यकाल में राज्य का विकास पूरी तरह प्रभावित हुआ है। झारखंड सरकार को आम जनता के हितों को लेकर कोई सरोकार ही नहीं है। पूरा राज्य अराजकता, भ्रष्टाचार और कुशासन की चपेट से कराह रहा है। उन्होंने स्थानीय जनमुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ संघर्ष और आंदोलन करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर सरकार से उसके वादों का हिसाब मांगें और स्थानीय जनसमस्याओं को लेकर संघर्ष को और तेज करने की जरूरत है। गांव से लेकर शहर तक जनता की समस्याओं को उठाना, सरकार की जवाबदेही तय करना और जनहित के मुद्दों पर आंदोलन खड़ा करना पार्टी कार्यकर्ताओं की प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे राज्य सरकार की नीतियों और कार्यशैली से जुड़ी जनशिकायतों को मजबूती से उठाएं। युवाओं के रोजगार, विद्यार्थियों की समस्याओं, किसानों की चुनौतियों, गरीबों को सरकारी योजनाओं का लाभ और आम जनता को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने जैसे मुद्दों पर सरकार को जवाब देने के लिए बाध्य करें।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता सादगी और सेवा के संकल्प के साथ जनता के बीच काम करें। जनता के सुख-दुःख में सहभागी बनें और संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएं।
झारखंड सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए निर्णायक संघर्ष करेगी भाजपा : आदित्य साहू
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने प्रदेश कार्यसमिति के दूसरे दिन संबोधित करते हुए लगातार दो दिनों तक धैर्य, अनुशासन और प्रतिबद्धता के साथ बैठक में उपस्थित रहने वाले सभी सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने दोनों राजनीतिक प्रस्तावों का सकारात्मक समर्थन करने के लिए सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पार्टी की विचारधारा, संगठन के प्रति समर्पण और झारखंड के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
श्री साहू ने राज्य की स्थिति पर बोलते हुए कहा कि झारखंड सरकार ने इस राज्य को पूरी तरह से बर्बाद करके छोड़ दिया है। लोगों के मन में इस सरकार को हटाने की छटपटाहट साफ झलक रही है। उन्होंने झारखंड सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए जनता के साथ मिलकर निर्णायक संघर्ष करने की बात कही।
विकसित भारत के निर्माण में झारखंड की भूमिका होगी महत्वपूर्ण : गजेंद्र सिंह पटेल
प्रदेश कार्यसमिति बैठक को सम्बोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि यह हम सभी के लिए गर्व का विषय है कि विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन कार्यसमिति की बैठक में शामिल हुए और अपने मार्गदर्शन से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार किया।
श्री पटेल ने विकसित भारत के संकल्प को रेखांकित करते हुए कहा कि आजादी के 75 वर्ष पूरे होने पर देश ने अमृतकाल में प्रवेश किया और स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूरे होने तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। जब देश विकसित बनेगा तब देश में गरीबी, बेरोजगारी नहीं रहेगी। देश को पुनः सोने की चिड़िया बनानी है। भारत को युद्ध और संघर्ष से सुपर पॉवर नहीं बनाना है। हमें विकसित भारत बनना है। उन्होंने कहा कि जिन झंडों में अत्याचार दुराचार की छवि होती है वह दुनियाँ में राज नहीं कर सकता है।
संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने के लिए समयबद्ध लक्ष्य पूरा करें कार्यकर्ता : पवन साय
झारखंड़ प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने प्रदेश कार्यसमिति की दूसरे दिन की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि दो दिनों की चर्चा में संगठन, राज्य की राजनीतिक परिस्थितियों और जनहित से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषय सामने आए हैं। इन विषयों को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए संगठनात्मक संरचना को मजबूत, सक्रिय और व्यवस्थित बनाना आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे कार्यसमिति में हुई चर्चा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए ठोस कार्ययोजना के साथ मैदान में उतरें। उन्होंने आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी साझा की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष आदित्य प्रसाद साहू एवम मंच संचालन प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह तथा अमर कुमार बाउरी ने सयुंक्त रूप से किया।








