प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीतियों से स्थानीय उत्पादों को मिल रही वैश्विक पहचान : नित्यानंद राय

बिहार का मखाना और शाही लीची अंतरराष्ट्रीय बाजार में बना रहे पहचान

पटना। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान मिलने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने रविवार को पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व और प्रभावी नीतियों के कारण भारत वैश्विक निर्यात के क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। देश के स्थानीय उत्पादों की अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच बढ़ रही है। बिहार का मखाना, शाही लीची और अन्य स्थानीय उत्पाद इसके प्रमुख उदाहरण हैं।

नित्यानंद राय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित कर उन्हें वैश्विक बाजार से जोड़ने का संकल्प लिया है। इसी का परिणाम है कि आज अनेक स्थानीय उत्पाद देश की पहचान बन रहे हैं। इससे किसानों, उत्पादकों, कारीगरों और छोटे उद्यमियों को आर्थिक रूप से सशक्त होने के नए अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत स्थानीय उत्पादों को वैश्विक स्तर पर पहुंचाने के अपने संकल्प की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और दुनिया के बड़े निर्यातक देशों में अपनी जगह बना चुका है।

केंद्रीय गृह राज्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता की लालसा में कुछ लोग भ्रम और अफवाह फैलाकर देश की छवि तथा सामर्थ्य को कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे लोग भारत विरोधी सुरों के साथ सुर मिलाने से भी पीछे नहीं हटते। उन्होंने कहा कि देश की जनता ऐसे लोगों की मंशा को भली-भांति समझती है और उन्हें कभी माफ नहीं करेगी।

राय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत आर्थिक, सामरिक और वैश्विक स्तर पर लगातार मजबूत हो रहा है। देश अब अपनी सुरक्षा और संप्रभुता से किसी प्रकार का समझौता नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि भारत आज इतना सामर्थ्यवान बन चुका है कि उसकी एकता, अखंडता और सीमाओं पर कोई बुरी नजर डालने का साहस नहीं कर सकता।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी केवल एक राजनीतिक संकल्प नहीं, बल्कि देश के करोड़ों लोगों के विश्वास का प्रतीक है। यह सुरक्षित भारत, सुरक्षित सीमाओं और विकसित भारत की गारंटी है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts