झारखंड में कानून-व्यवस्था ध्वस्त, शिक्षा और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर आंदोलन करेगी भाजपा : आदित्य साहू

‘लोकतंत्र बचाओ, अराजक तत्व हटाओ’ अभियान के तहत राज्यभर में पदयात्रा निकालेगी भाजपा

ट्रिपल टेस्ट के बिना पंचायत चुनाव का विरोध करने की घोषणा

रांची। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने हेमंत सोरेन सरकार पर आरोप लगाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। शिक्षा, स्वास्थ्य और भ्रष्टाचार के मुद्दों पर सरकार अपनी जिम्मेदारियों से बच रही है। भाजपा ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजक तत्व हटाओ’ अभियान के तहत पूरे राज्य में पदयात्रा निकालेगी। इसके साथ ही राज्य के सभी 595 मंडलों में शिक्षा, चिकित्सा और भ्रष्टाचार के मुद्दों को लेकर आंदोलन किया जाएगा।

आदित्य साहू रविवार को रांची में भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के समापन के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने बताया कि पिछले तीन दिनों से पार्टी पदाधिकारियों के साथ विभिन्न स्तरों पर बैठकें हुईं। प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का मार्गदर्शन मिला। इस दौरान राज्य की राजनीतिक स्थिति, कानून-व्यवस्था, शिक्षा, चिकित्सा, भ्रष्टाचार और पंचायत चुनाव सहित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पूरे देश की जनता को अपना परिवार मानते हैं और सभी वर्गों के कल्याण की चिंता करते हैं। वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भी अपने संबोधन में झारखंड की मौजूदा स्थिति पर विशेष चिंता व्यक्त की। साहू ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार जनता को गुमराह करने में माहिर है और हर गंभीर मुद्दे पर केवल प्रेस नोट जारी कर अपनी जिम्मेदारी से बचने का प्रयास करती है।

आदित्य साहू ने बताया कि प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में संगठन की मजबूती और आगामी आंदोलनों की रणनीति पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने दावा किया कि पहली बार कार्यसमिति की बैठक में 95 से 98 प्रतिशत नेताओं की उपस्थिति दर्ज की गई।

राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आदित्य साहू ने कहा कि झारखंड में अपराध और भ्रष्टाचार की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। सरकार छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने सवाल किया कि यदि शिक्षा और नियुक्ति प्रक्रियाओं में सब कुछ ठीक है, तो झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) के अध्यक्ष जेल में क्यों हैं?

साहू ने राज्य में कोयला चोरी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि एक ओर देश में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम (एमएमडीआर) का स्वागत हो रहा है, वहीं दूसरी ओर झारखंड में कोयला चोरी को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने में विफल रही है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने लक्ष्मीकांत मुंडा की हत्या का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से जवाब मांगा। उन्होंने सवाल किया कि लक्ष्मीकांत मुंडा किस समाज से आते थे और उनके घर में ही उनकी हत्या कैसे कर दी गई। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को ऐसी घटनाओं पर अपनी जवाबदेही तय करनी चाहिए।

पंचायत चुनाव के मुद्दे पर साहू ने कहा कि जब तक ट्रिपल टेस्ट की प्रक्रिया पूरी नहीं की जाती, तब तक भाजपा पंचायत चुनाव का विरोध करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार पिछड़े वर्गों का आरक्षण छीनने का प्रयास कर रही है। भाजपा पिछड़े समाज के अधिकारों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि भाजपा राज्य की जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts