भारतीय नेतृत्व की रूस, यूक्रेन के नेताओं से हुई बातचीत, युद्ध खत्म कराने पर की चर्चा

नई दिल्ली। भारत ने रूस-यूक्रेन युद्ध के समाधान के लिए आज दोनों देशों के शीर्ष नेतृत्व के साथ टेलीफ़ोन पर उच्च-स्तरीय कूटनीतिक वार्तालाप किया और संवाद एवं कूटनीति के जरिए इस संकट का समाधान निकालने के लिए हरसंभव योगदान देने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की से बात हुई, जिसके बाद विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव को फोन करके मोदी-ज़ेलेंस्की बातचीत के मुख्य बिंदुओं की जानकारी दी और युद्ध खत्म कराने एवं शांति स्थापना की दिशा में संभावित उपायों पर गंभीर चर्चा की।

प्रधानमंत्री मोदी ने यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की के साथ टेलीफोन पर बातचीत के दौरान चल रहे संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान की दिशा में हरसंभव योगदान देने की भारत की दृढ़ प्रतिबद्धता दोहराते हुए संकट का हल तलाशने में दोनों पक्षों की मदद करने का प्रस्ताव रखा। बातचीत का ब्योरा साझा करते हुए प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर अपने संदेश में कहा, “राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की के साथ एक उपयोगी टेलीफोन पर बातचीत करके खुशी हुई। हमने हमारे व्यापक द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा की और भारत-यूक्रेन संबंधों को और मजबूत करने पर सहमति व्यक्त की। मैंने चल रहे संघर्ष, इसके मानवीय पहलुओं और शांति बहाल करने के विभिन्न प्रयासों पर अपने दृष्टिकोण साझा करने के लिए राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की को धन्यवाद दिया। एक शांतिपूर्ण समाधान की दिशा में हरसंभव योगदान देने के भारत की दृढ़ प्रतिबद्धता को दोहराया।”

वहीं, यूक्रेनी राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने बातचीत का ब्योरा साझा करते हुए कहा, “मैंने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात की और उन्हें नवीनतम कूटनीतिक घटनाक्रमों से अवगत कराया। हम अबू धाबी में होने वाली बैठक के एजेंडे के हर बिंदु पर सक्रिय रूप से तैयारी कर रहे हैं। यूक्रेन ने हमेशा एक रचनात्मक रुख अपनाया है, और रूस को भी तनाव कम करने के लिए ऐसी ही तत्परता दिखानी होगी।”

उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री ने एक से अधिक बार, रूसी नेता से सीधे तौर पर भी कहा है कि अब युद्ध जारी रखने का नहीं, बल्कि इसे समाप्त करने का समय है।”

ज़ेलेन्स्की ने कहा, “यह महत्वपूर्ण है कि भारत यह पहचाने कि वह युद्ध को समाप्त करने में मदद करने के लिए क्या कदम उठा सकता है और अन्य नेताओं के साथ क्या संवाद कर सकता है। खाद्य सुरक्षा ऐसा ही एक क्षेत्र हो सकता है। हमने काले सागर के रास्ते अनाज के निर्यात पर रूस की रोक पर चर्चा की। भारत खाद्य गलियारे स्थापित करने में मध्यस्थता करने के लिए तैयार है, और हम इन प्रयासों के जारी रहने की उम्मीद कर रहे हैं।”

ज़ेलेन्स्की ने कहा, “रूस को यह समझना चाहिए कि बंद समुद्री मार्गों के कारण वैश्विक अर्थव्यवस्था और दुनिया भर के करोड़ों लोग पीड़ित हैं। हम इस बात पर सहमत हुए कि हमारी टीमें इन और अन्य द्विपक्षीय मुद्दों पर संपर्क में रहेंगी।”

इस बीच, कूटनीतिक पहलों को आगे बढ़ाते हुए विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने शाम को रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से टेलीफोन पर बातचीत की। विदेश मंत्री ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी साझा करते हुए कहा, “आज शाम रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से बात हुई। हमारी बातचीत यूक्रेन संघर्ष और चल रही कूटनीतिक पहलों पर केंद्रित रही।”

भारतीय नेताओं की दोनों पक्षों के साथ हुई इस चर्चा में मुख्य रूप से यूक्रेन संघर्ष और चल रहे राजनयिक प्रयासों पर गहन मंथन हुआ। एक ही दिन में रूस और यूक्रेन के शीर्ष नेतृत्व के साथ हुए इस उच्च-स्तरीय संपर्क को दोनों देशों के बीच शांति बहाली के प्रयासों में भारत की संतुलित, तटस्थ और महत्वपूर्ण मध्यस्थता की भूमिका के रूप में देखा जा रहा है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts