रांची: आगामी 11 नवम्बर को झारखंड के प्रोफेसनल्स के लिए खास कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। सोमवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, कांग्रेस भवन, रांची में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने यह जानकारी देते हुए बताया कि ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मधु गौड़ यास्खी एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के स्थायी आमंत्रित सदस्य सह झारखंड प्रभारी के राजू 11 नवंबर 2026 को झारखंड दौरे पर रहेंगे।

इस दौरान दोनों वरिष्ठ नेता ‘थिंक 29’ के तहत आयोजित विशेष व्याख्यान एवं नीति संगोष्ठी में शामिल होंगे। कार्यक्रम में पेशेवरों, अर्थशास्त्रियों, उद्यमियों, शिक्षाविदों एवं विशेषज्ञों के साथ झारखंड की अर्थव्यवस्था, रोजगार, उद्योग, कृषि और विकास की प्राथमिकताओं पर व्यापक विचार-विमर्श किया जाएगा। संगोष्ठी का उद्देश्य वर्ष 2029 तक झारखंड के लिए एक दूरदर्शी एवं जन-केंद्रित विकास रोडमैप तैयार करना है।
‘थिंक 29’ के तहत खनिज संपदा का स्थानीय स्तर पर उपयोग, युवाओं के लिए रोजगार एवं उद्यमिता, कृषि विकास, आदिवासी अधिकार, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना और सुशासन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस का मानना है कि झारखंड की आर्थिक प्रगति में युवाओं, किसानों, महिलाओं, उद्यमियों और पेशेवरों की भागीदारी महत्वपूर्ण है। ‘थिंक 29’ झारखंड को आर्थिक समृद्धि, रोजगार सृजन और समावेशी विकास की नई दिशा देने की एक महत्वपूर्ण पहल है।
श्री कमलेश ने कहा कि 11 नवम्बर को ही संध्या 04 बजे फिरायालाल वैंक्वेट हॉल में महिला प्रोफेशनल एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के द्वारा महिला सशक्तिकरण पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें दोनों नेतागण भाग लेंगे।
संवाददाता सम्मेलन में मौजूद प्रदेश कांग्रेस कमिटी के महासचिव एवं मीडिया संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने बताया कि झारखंड प्रभारी के राजू एवं प्रोफेशनल कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मधु गौड यास्की 11 नवम्बर को 11ः30 बजे हैदराबाद से बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर उतरेंगे जहां पारंपरिक तरीके से नेताद्वय का भव्य स्वागत किया जाएगा। कार्यक्रम के बाद दूसरे दिन 12 नवम्बर को नेताद्वय प्रातः 08 बजे हैदराबाद के लिए प्रस्थान करेंगे।
प्रदेश कांग्रेस के महासचिव सह प्रोफेसनल्स प्रभारी आदित्य विक्रम जायसवाल ने संबोधित करते हुए कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रोफेशनल्स फॉर प्रोग्रेस है। थिंक-2029 झारखंड का आयोजन इसलिए किया जा रहा है यहां के प्रोफेशनल्स गंभीर चिंतन करें और एक मजबूत इकोनॉमिक पॉलिसी बताएं ताकि पार्टी की ओर से झारखंड सरकार को सुझाव दिया जा सके। यूथ एम्पावरमेंट, इंडस्ट्रियल ग्रोथ, एमएसएमई के लिए क्या प्लान होगा इस पर गंभीर चर्चा होगी, जिसमें रिसर्चर, इकॉनॉमिस्ट, पॉलिसी मेकर आ रहे है, जो दिल्ली, मुंबई से चलकर आ रहे हैं। संवाददाता सम्मेलन में कार्यालय प्रभारी राजन वर्मा, सीए भुवनेश ठाकुर, करिश्मा जायसवाल, सीए प्रभात अग्रवाल, सिमरन, इशिका शर्मा, अनिल सिंह एवं गौरव आनंद शामिल थे।








