झुंझुनूं में करंट लगने से सड़क निर्माण में लगे आठ मजदूरों की मौत, हाईटेंशन लाइन से टकराई मशीन

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जांच और घायलों के उपचार के दिए निर्देश
झुंझुनूं। राजस्थान के झुंझुनूं जिले के उदयपुरवाटी क्षेत्र के छापोली गांव में सोमवार को सड़क निर्माण के दौरान बड़ा हादसा हो गया। कदम कुंड मार्ग पर काम कर रही रोड़ी मिलाने वाली मशीन ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गई। मशीन में करंट फैलने से वहां काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए। हादसे में आठ मजदूरों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग झुलस गए। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हादसे में श्रमिकों की असामयिक मृत्यु पर दुख जताया।

उदयपुरवाटी थाना प्रभारी रामपाल के अनुसार सड़क निर्माण कार्य के दौरान रोड़ी और बजरी मिलाने के काम में लगी मशीन अचानक हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गई। इसके बाद मशीन में करंट दौड़ गया और आसपास काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पांच मजदूरों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 03 मजदूरों ने अस्पताल जाकर दम तोड़ा।

हादसे में आठ मजदूरों की मौत के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए और धरना शुरू कर दिया।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हादसे में श्रमिकों की असामयिक मृत्यु पर दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार, प्रभावित परिवारों को तत्काल हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने और घटना की जांच के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने और शोकाकुल परिवारों को दुख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना भी की।

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी हादसे पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा कि उदयपुरवाटी के छापोली गांव में मजदूरों की करंट लगने से हुई मौत बेहद दुखद है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की जांच आवश्यक है, ताकि यह पता चल सके कि सड़क निर्माण के दौरान हादसा कैसे हुआ और इन मौतों के लिए कौन जिम्मेदार है।

गहलोत ने राज्य सरकार से मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना की।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts