हूती की धमकी-यात्री रियाद हवाई अड्डे से दूर रहें, मिसाइल के टुकड़े मक्का और जेद्दा में गिरे, ईरान ने ड्रोन को मार गिराया

रियाद (सऊदी अरब)। ईरान समर्थित आतंकी समूह हूती ने हवाई यात्रियों को चेतावनी दी है कि वह सऊदी राजधानी के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से दूर रहें। हूती ने कहा कि यह असुरक्षित है और उनके लड़ाकों के निशाने पर है। हूती का सैन्य लक्ष्य इस हवाई अड्डे को जमींदोज करना है। सऊदी के नेतृत्व वाले गठबंधन का कहना है कि उसने रियाद के ऊपर आ रही हूती बैलिस्टिक मिसाइल को रोककर नष्ट कर दिया है। इन मिसाइलों के टुकड़े मक्का और जेद्दा में गिरे हैं। यमन सरकार ने बताया है कि ईरान समर्थित समूह ने अदन पर हमला करके अमेरिकी ड्रोन को मार गिराने का दावा किया है।

अल जजीरा की रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि ईरान की सेना ने दक्षिणी बंदर अब्बास के ऊपर एक ड्रोन को मार गिराया है। यह एक मानवरहित हवाई वाहन (यूएवी) है। इस बीच, मध्य पूर्व में युद्ध छिड़ने का डर गहराता जा रहा है। ईरान की अर्ध सरकारी समाचार एजेंसी तस्नीम ने बताया कि यह यूएवी अमेरिका में विकसित ‘एलयूसीएएस’ ड्रोन था। इसे ‘लो-कॉस्ट अनक्रूड कॉम्बैट अटैक सिस्टम’ (कम लागत वाला मानवरहित लड़ाकू हमला प्रणाली) के रूप में भी जाना जाता है।

इससे पहले राष्ट्रपति ट्रंप ने शनिवार को कहा कि अमेरिका कल ही ईरान पर हमला कर सकता है या फिर इस इस्लामिक गणराज्य के साथ कोई समझौता कर सकता है। वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के अनुसार, ‘यूएसएस जॉर्ज वाशिंगटन’ कैरियर स्ट्राइक ग्रुप पर मौजूद विमानों को हमले के लिए तैयार किया जा रहा है।

ईरान के विदेशमंत्री अब्बास अराघची ने कहा, ”मध्य पूर्व में शांति और स्थिरता होनी चाहिए, जिसे बाहरी हस्तक्षेप के बिना क्षेत्रीय देश खुद मिलकर कायम करें। पिछले डेढ़ साल के संघर्ष एक अहम मोड़ हैं। अब कुछ भी पहले जैसा नहीं रहेगा। मध्य पूर्व में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकाने किसी के लिए भी शांति या सुरक्षा लाने में नाकाम रहे हैं। इसके उलट, ये असुरक्षा का कारण बने हैं। ईरान मूल रूप से ऐसी किसी भी पहल का स्वागत करता है जो इस क्षेत्र के देशों के बीच आत्मनिर्भरता को बढ़ावा दे।”

उन्होंने कहा, ”यह साफ हो गया है कि इस क्षेत्र में युद्ध भड़काने के लिए सिर्फ इजराइल जिम्मेदार है। इसने लगातार शांति और स्थिरता कायम होने से रोका है और हमेशा संघर्ष को बढ़ावा देने व देशों को कमजोर करने की कोशिश की है। इस क्षेत्र को अपनी शांति और स्थिरता के लिए विदेशी सेनाओं की मौजूदगी को खत्म करने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। न तो ईरान और न ही ओमान ने कभी होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों के रास्ते में कोई रुकावट डाली है, बल्कि उन्होंने पर्यावरण की रक्षा करते हुए सुरक्षा और सलामती सुनिश्चित की है। होर्मुज जलडमरूमध्य का प्रबंधन अब वैसा नहीं रहेगा जैसा पहले था।”

इस बीच हूती लड़ाके ताइज के पास स्थित रणनीतिक पहाड़ी ‘जबल सब्र’ की ओर आगे बढ़ रहे हैं। लड़ाकों ने शहर को घेर लिया है और अदन जाने वाले मुख्य रास्ते को काट दिया है। अदन, यमन की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार की अंतरिम राजधानी है। संयुक्त राष्ट्र ने चेतावनी दी है कि शहर में फंसे आठ लाख लोगों तक मदद पहुंचाने के लिए समय कम होता जा रहा है। उधर, सऊदी गठबंधन ने खमीस मुशैत के ऊपर हूती क्रूज मिसाइल को मार गिराने का दावा किया है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts