पहले झारखंडियों को मिलेगा उनका हक-अधिकार, फिर दूसरे राज्यों पर होगा विचार : हेमंत सोरेन

-दादा सोबरन मांझी के 69वें शहादत दिवस पर लुकैयाटांड़ पहुंचे मुख्यमंत्री – 111 करोड़ की योजनाओं का किया उद्घाटन एवं शिलान्यास

रामगढ़। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शुक्रवार को अपने दादा और झारखंड आंदोलन के प्रेरणास्रोत सोबरन मांझी के 69वें शहादत दिवस पर उनके पैतृक गांव रामगढ़ जिले के नेमरा पहुंचे। यहां लुकैयाटांड़ स्थित ऐतिहासिक शहादत स्थल पर उन्होंने सोबरन मांझी को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर गांडेय विधायक एवं मुख्यमंत्री की पत्नी कल्पना मुर्मू सोरेन भी मौजूद थीं।

श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मुख्यमंत्री ने रामगढ़ जिले को करीब 111 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी। उन्होंने विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया तथा लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह वर्ष शोक का समय है, इसलिए इस बार आयोजन बेहद सादगी के साथ किया जा रहा है। अगले वर्ष इसे बड़े पैमाने पर मनाया जाएगा। उन्होंने अपने संबोधन में झारखंड के अधिकार, आदिवासी-मूलवासी अस्मिता और अलग राज्य के लिए हुए संघर्ष को प्रमुखता से उठाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लुकैयाटांड़ की यह ऐतिहासिक धरती ऐसे बलिदान की साक्षी है, जिसकी गूंज ने झारखंड के सामाजिक और राजनीतिक संघर्ष को नई दिशा दी। 69 वर्ष पहले इसी दिन घने जंगलों में सामंती सोच रखने वाले लोगों ने शिक्षक सोबरन मांझी की हत्या कर दी थी। उस समय घटना को दबाने का प्रयास किया गया, लेकिन धीरे-धीरे उनकी शहादत की गूंज पूरे क्षेत्र में फैल गई। यही चिंगारी आगे चलकर बड़े आंदोलन की प्रेरणा बनी।

उन्होंने कहा कि सोबरन मांझी की शहादत ने आदिवासी-मूलवासी समाज को अन्याय और शोषण के खिलाफ खड़े होने की प्रेरणा दी। दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने भी इस संघर्ष की अलख लंबे समय तक जीवित रखी। अलग झारखंड राज्य के निर्माण का सफर आसान नहीं था। गिरिडीह, धनबाद, टुंडी, कोल्हान, छोटानागपुर और संथाल परगना सहित राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों में लोगों ने अपने अधिकारों के लिए संघर्ष किया और बलिदान दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस अलग राज्य की मांग को कभी असंभव बताकर खारिज किया जाता था, उसका निर्माण आदिवासी-मूलवासी और गरीब-गुरबों के संघर्ष से संभव हुआ। आज उसी संघर्ष और शहीदों के परिवारों से निकली नई पीढ़ी राज्य का नेतृत्व कर रही है। भगवान बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हू, चांद-भैरव के साथ सोबरन मांझी और अन्य आंदोलनकारियों के योगदान को भी नई पीढ़ी को याद रखना चाहिए।

राज्य की विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत बनाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि राज्य में 18 से 50 वर्ष तक की 50 लाख से अधिक महिलाओं को प्रतिमाह 2,500 रुपये की सहायता दी जा रही है। सरकार का प्रयास है कि गरीबी से जूझ रहे परिवारों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाया जाए और महिलाएं आत्मनिर्भर बन सकें।

मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार पर राज्य के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य के राजस्व स्रोतों को बाधित किया जा रहा है। राज्य सरकार अपने संसाधनों से खजाना मजबूत कर जनकल्याणकारी योजनाओं को आगे बढ़ाना चाहती है, लेकिन इसमें कई चुनौतियां सामने आ रही हैं। इसके बावजूद झारखंड अपने अधिकारों की लड़ाई जारी रखेगा।

उन्होंने कहा, “अब वह झारखंड नहीं है, जहां दूसरे राज्यों से लोग आकर यहां के लोगों का शोषण करें। पहले झारखंडियों को उनका पूरा हक और अधिकार मिलेगा, उसके बाद ही दूसरे राज्यों के लोगों के बारे में विचार किया जाएगा।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड की आंतरिक परिस्थितियों और यहां के लोगों की समस्याओं को राज्य के लोग बेहतर ढंग से समझते हैं। गांव, देहात, सुदूरवर्ती इलाकों और शहरों में रहने वाले सभी लोगों को राज्य के विकास में अपनी भागीदारी निभानी होगी। उन्होंने नई पीढ़ी से सोबरन मांझी और झारखंड आंदोलन के तमाम शहीदों के संघर्ष को याद रखने तथा आदिवासी-मूलवासी अस्मिता, अधिकार और स्वाभिमान की रक्षा का संकल्प लेने की अपील की।-

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts