अस्ताचलगामी सूर्य को व्रतियों ने अर्पित किया अर्घ्य

जिले के सैकड़ों घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, सुरक्षा के लिए प्रशासन ने किए व्यापक इंतजाम

रामगढ़। लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ पूरे रामगढ़ जिले में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। महापर्व के तीसरे दिन रविवार को छठव्रतियों ने विभिन्न जलाशयों और नदी घाटों पर अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान उन्होंने परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य और खुशहाली की कामना की। शाम होते ही जिले के प्रमुख छठ घाटों पर आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। पारंपरिक छठ गीतों और सूर्य उपासना के मंत्रों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

शहर के दामोदर नदी घाट, बिजुलिया तालाब, हरहरी नदी, पतरातू डैम और रजरप्पा स्थित भैरवी नदी सहित जिले के सैकड़ों छठ घाटों पर व्रतियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। व्रती पारंपरिक सूप और दउरा में फल, ठेकुआ सहित पूजन सामग्री लेकर घाट पहुंचे। जल में खड़े होकर उन्होंने पूरी श्रद्धा के साथ भगवान भास्कर को संध्या अर्घ्य अर्पित किया। घाटों पर परिवार के सदस्यों और श्रद्धालुओं की मौजूदगी ने महापर्व की रौनक बढ़ा दी।

छठ महापर्व के शांतिपूर्ण और सुरक्षित आयोजन के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए थे। सभी प्रमुख घाटों पर दंडाधिकारियों और पुलिस बल की तैनाती की गई थी। नदी घाटों पर बैरिकेडिंग के साथ बांस-बल्लियों से सुरक्षा घेरा बनाया गया था। श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए जलाशयों में खतरनाक स्थानों का सीमांकन किया गया था। आपात स्थिति से निपटने के लिए गोताखोरों, नाव और जेट-स्की की व्यवस्था भी की गई थी।

उपायुक्त ऋतुराज, पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आलोक रंजन सहित जिले के वरीय अधिकारी विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।

महापर्व को लेकर शहर की सड़कों और प्रमुख चौक-चौराहों को आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया था। चट्टी बाजार, झंडा चौक, थाना चौक, दामोदर छठ घाट, शास्त्री नगर और बिजुलिया तालाब सहित विभिन्न इलाकों में रंग-बिरंगी रोशनी से छठ की रौनक देखते ही बन रही थी।

वहीं, सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश करते हुए समाजसेवियों, रामगढ़ थाना और रामगढ़ प्रेस क्लब की ओर से घाटों पर जा रहे छठव्रतियों के बीच फल और पूजन सामग्री का वितरण किया गया। सेवा और सहयोग के इस भाव ने महापर्व की खुशियों को और बढ़ा दिया। सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही चार दिवसीय महापर्व का विधिवत समापन होगा।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts