रांची। श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग, झारखंड सरकार के श्रमायुक्त कार्यालय के अंतर्गत कार्यरत राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष के निरंतर प्रयासों एवं भारतीय दूतावास, मस्कट, ओमान के सहयोग से लोहरदगा जिले की प्रवासी श्रमिक सुषमा टोप्पो की 14 नवंबर 2026 को सकुशल झारखंड वापसी सुनिश्चित की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, लगभग 29 वर्षीय सुषमा टोप्पो रोजगार की तलाश में एक एजेंट के माध्यम से दिनांक 17 मार्च 2026 को घरेलू कामगार के रूप में ओमान गई थीं। वहाँ उन्हें घरेलू कार्य में नियोजित किया गया था। परिवार से प्राप्त जानकारी के अनुसार, नियोक्ता के घर पर उन्हें दुर्व्यवहार एवं कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा, जिसके बाद उन्होंने वहां से निकलने का निर्णय लिया। इस दौरान उनकी स्वदेश वापसी में कठिनाई उत्पन्न हुई।
इसके पश्चात मस्कट के मुतराह (Muttrah) क्षेत्र में एक ओमानी परिवार/व्यक्ति द्वारा उन्हें पासपोर्ट दिलाने एवं भारत वापसी की व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया गया। इस अवधि में परिवार को उनकी वास्तविक स्थिति एवं ठिकाने की स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पा रही थी, जिससे परिजन काफी चिंतित थे।परिवार द्वारा यह भी आरोप लगाया गया कि पासपोर्ट एवं भारत वापसी की व्यवस्था कराने के नाम पर सुश्री सुषमा से लगभग 300 ओमानी रियाल (OMR) लिए गए, लेकिन इसके बावजूद उनकी वापसी की व्यवस्था नहीं की गई। परिवार ने संबंधित व्यक्तियों के संपर्क एवं स्थान संबंधी जानकारी तथा उपलब्ध साक्ष्य होने की बात भी बताई। इस संबंध में उचित जांच एवं कानूनी कार्रवाई के माध्यम से कथित रूप से ली गई राशि की वसूली के लिए भी संबंधित अधिकारियों से अनुरोध किया गया था।
इस संबंध में उनकी बड़ी बहन सुलोचना टोप्पो द्वारा दिनांक 1 सितंबर 2026 को राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष, झारखंड से सहायता की गुहार लगाई गई। शिकायत प्राप्त होने के बाद राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय दूतावास, मस्कट, प्रोटेक्टर ऑफ इमिग्रेंट्स तथा अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार पत्राचार एवं समन्वय स्थापित किया। सुषमा की सुरक्षा, वर्तमान स्थिति, पासपोर्ट की बरामदगी तथा सुरक्षित स्वदेश वापसी सुनिश्चित करने के लिए निरंतर फॉलो-अप किया गया।
इस दौरान राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष को जानकारी मिली कि सुषमा ओमान के श्रम मंत्रालय, रुवी (Ministry of Labour, Ruwi) की अभिरक्षा में हैं तथा लगभग तीन सप्ताह से वहां रखी गई हैं। दिनांक 16 सितंबर 2026 को भारतीय दूतावास, मस्कट द्वारा ईमेल के माध्यम से सूचित किया एवं उनकी शीघ्र स्वदेश वापसी की प्रक्रिया किए जाने की जानकारी दी गई।
उनकी स्वदेश वापसी की प्रक्रिया में मूल पासपोर्ट उपलब्ध नहीं होने की समस्या को देखते हुए भारतीय दूतावास, मस्कट द्वारा उनके लिए आपातकालीन यात्रा दस्तावेज (White Passport/Emergency Certificate) जारी किया गया। राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष द्वारा भारतीय दूतावास एवं संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखते हुए आवश्यक दस्तावेजी एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं के संबंध में निरंतर फॉलो-अप किया गया, ताकि उनकी स्वदेश वापसी में अनावश्यक विलंब न हो।
इन सतत प्रयासों एवं भारतीय दूतावास, मस्कट के सहयोग से सुषमा टोप्पो दिनांक 14 नवंबर 2026 को सुरक्षित अपने गृह राज्य झारखंड लौट आईं।










