झारखंड के 26वें स्थापना दिवस पर रांची सहित राज्य के सभी 24 जिलों में आयोजित हुआ ‘रन फॉर क्लीनलीनेस’ (Run for Cleanliness)

रांची। झारखंड राज्य के 26वें स्थापना दिवस (15 नवंबर 2026) के अवसर पर स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने एवं आम नागरिकों को स्वच्छता अभियान से जोड़ने के उद्देश्य से रांची सहित राज्य के सभी 24 जिलों में ‘रन फॉर क्लीनलीनेस’ (Run for Cleanliness) का आयोजन किया गया। इस आयोजन के माध्यम से स्वच्छता को जन-आंदोलन का स्वरूप देने, स्वच्छ परिवेश के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ झारखंड के निर्माण का संदेश दिया गया।

रांची में आयोजित इस दौड़ का शुभारंभ मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका से हुआ। दौड़ में शामिल प्रतिभागियों ने बापू वाटिका से अल्बर्ट एक्का चौक तक दौड़ लगाकर स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम को मंत्री राधा कृष्ण किशोर, वित्त विभाग, वाणिज्यकर विभाग, योजना एवं विकास विभाग तथा संसदीय कार्य विभाग, मंत्री संजय प्रसाद यादव, श्रम, रोजगार, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग तथा उद्योग विभाग, मंत्री योगेंद्र प्रसाद, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग, राज्यसभा सांसद महुआ माजी एवं रांची विधायक सी.पी. सिंह ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर  मंत्रियों एवं जनप्रतिनिधियों ने संदेश दिया कि स्वच्छता केवल किसी एक विभाग अथवा सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह समाज के प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। स्वच्छता को अपनी दैनिक जीवनशैली में शामिल कर ही स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर झारखंड के निर्माण के संकल्प को साकार किया जा सकता है।

चडरी तालाब छठ घाट पर साफ सफाई कर दिया गया स्वच्छता का संदेश

दौड़ के आयोजन के साथ ही स्वच्छता के संदेश को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से चडरी तालाब छठ घाट में साफ-सफाई अभियान भी चलाया गया। इस दौरान माननीय मंत्रियों एवं राज्यसभा सांसद ने स्वयं स्वच्छता गतिविधियों में भाग लेकर श्रमदान किया तथा आम नागरिकों को जलस्रोतों, तालाबों एवं सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया। कहा कि तालाब एवं अन्य जलस्रोत हमारी प्राकृतिक धरोहर हैं। इनका संरक्षण एवं स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। सार्वजनिक स्थलों पर कचरा नहीं फैलाने, जलस्रोतों को प्रदूषण से बचाने तथा अपने आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रत्येक नागरिक को आगे आना चाहिए।

स्वच्छता को जन-आंदोलन बनाने का संकल्प

झारखंड के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित ‘रन फॉर क्लीनलीनेस’ के माध्यम से राज्य के सभी 24 जिलों में एक साथ स्वच्छता का संदेश प्रसारित किया गया। इस आयोजन ने जनभागीदारी, सामाजिक जिम्मेदारी एवं सामूहिक प्रयासों के महत्व को रेखांकित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति नागरिकों में जागरूकता विकसित करना, युवाओं को सकारात्मक सामाजिक गतिविधियों से जोड़ना तथा स्वच्छता को जन-आंदोलन का स्वरूप देना है।

पुरुष एवं महिला वर्ग के विजेताओं को किया गया सम्मानित

रन फॉर क्लीनलीनेस में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। दौड़ के समापन के पश्चात पुरुष एवं महिला वर्ग के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

पुरुष वर्ग में कुंदन महतो ने प्रथम, विवेकानंद ने द्वितीय एवं विमल उरांव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं महिला वर्ग में पूजा सिंह ने प्रथम, ममता कुमारी ने द्वितीय एवं सावित्री कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts