एक लाख युवा लीडर्स तैयार करने का लक्ष्य, भारत की बागडोर ‘अमृत पीढ़ी’ के हाथों में : मांडविया

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख एल. मांडविया ने सोमवार को कहा कि देश भर में एक लाख युवा लीडर्स तैयार करने का लक्ष्य है ताकि वे सीधे नीति-निर्माण और जनसेवा से जुड़ सकें।

केंद्रीय मंत्री डॉ. मांडविया आज कृषि महाविद्यालय कुम्हरावण्ड के सभागार में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं के साथ सीधा और आत्मीय संवाद कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह मंच देश के युवाओं को नवाचार, मेंटरशिप, वॉलंटियरिंग और करियर के नए अवसरों से जोड़ने के लिए तैयार किया गया है।

केंद्रीय मंत्री ने लोकतंत्र और समसामयिक विषयों पर चर्चा करते हुए मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया पर प्रांजल नाम के एक छात्र से सीधी बात की और पारदर्शी एवं शुद्ध मतदाता सूची के महत्व को समझाया। उन्होंने रेखांकित किया कि देश के सही नेतृत्व और सशक्त लोकतंत्र की नींव प्रत्येक युवा के निष्पक्ष वोट की ताकत पर टिकी होती है।

उन्होंने युवाओं के सपनों और करियर का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू किए गए माई भारत डिजिटल प्लेटफॉर्म के बारे में विस्तार से जानकारी दी। देश की आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपरांत शुरू हुए अमृत काल का जिक्र करते हुए उन्होंने युवाओं को अमृत पीढ़ी के रूप में संबोधित किया और कहा कि वर्ष 2047 में जब देश आजादी की शताब्दी मनाएगा, तब भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की मुख्य बागडोर आज के युवाओं के हाथों में ही होगी। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री के पंच प्रण-विकसित भारत का संकल्प, गुलामी की मानसिकता से मुक्ति, अपनी समृद्ध विरासत पर गर्व, एकता व एकजुटता और नागरिक कर्तव्यों के पालन को जीवन में उतारने का आह्वान किया।

बस्तर क्षेत्र के विकास, प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन संभावनाओं की चर्चा करते हुए केंद्रीय मंत्री ने चित्रकोट जलप्रपात जैसी प्राकृतिक धरोहरों की सराहना की। उन्होंने युवाओं को प्रेरित किया कि वे जीवन में शिक्षक, प्रशासनिक अधिकारी, उद्यमी या जिस भी क्षेत्र में आगे बढ़ें, सदैव नेशन फर्स्ट (राष्ट्र प्रथम) के भाव और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करें। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि युवाओं की आवाज सुनने और उन्हें राष्ट्रीय विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से शैक्षणिक संस्थानों में ऐसे युवा संवाद कार्यक्रमों की श्रृंखला निरंतर जारी रहेगी।

समारोह में वन मंत्री केदार कश्यप ने सभागार में उपस्थित सभी युवाओं को पूरे जोश के साथ राष्ट्र सेवा की शपथ दिलाई, जिसे युवाओं ने पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ दोहराया। इस अवसर पर स्थानीय सांसद श्री महेश कश्यप और जगदलपुर विधायक किरण देव ने भी युवाओं को संबोधित कर उनका उत्साहवर्धन किया, जबकि मंच पर क्षेत्र के अन्य गणमान्य जन-प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts