अमूल, मदर डेयरी ने दूध के दाम 2-4 रुपये प्रति लीटर बढ़ाये, नई दरें लागू

नई दिल्ली। त्योहारी सीजन में प्रमुख डेयरी कंपनियों ने दूध की कीमतों में इजाफा किया है। अमूल और मदर डेयरी ने दूध की कीमतों में दो से 4 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की है। नई दरें गुरुवार, 12 नवंबर से लागू होंगी। इन कंपनियों ने दूध की खरीद कीमतों में वृद्धि और ईंधन खर्च बढ़ने सहित उत्पादन लागत में इजाफे को इस वृद्धि का कारण बताया है। दूध की कीमतों में इस बढ़ोतरी से घरेलू बजट पर असर पड़ने के साथ खाद्य महंगाई भी बढ़ सकती है।

गुजरात सहकारी दुग्ध विपणन महासंघ (जीसीएमएमएफ) और मदर डेयरी ने इससे पहले इस साल मई में दूध की खुदरा कीमतों में बढ़ोतरी की थी। वहीं, पिछले महीने कर्नाटक के लोकप्रिय डेयरी ब्रांड नंदिनी ने अपने उत्पादों के दाम बढ़ाए थे।

अमूल ब्रांड के तहत दूध बेचने वाले जीसीएमएमएफ ने बुधवार को जारी एक बयान में कहा कि उसने 12 नवंबर, 2026 से दूध की कीमतों में दो से चार रुपये प्रति लीटर तक की वृद्धि की है। इस तरह सहकारी संस्था ने देशभर में दूध के दाम में चार से पांच प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की है।

जीसीएमएमएफ ने कहा, ‘‘हमारे सबसे अधिक बिकने वाले अमूल ताजा टोंड दूध (तीन प्रतिशत वसा) की कीमत में केवल दो रुपये प्रति लीटर (3.3 फीसदी) की वृद्धि की गई है, जबकि 6 प्रतिशत वसा वाले अमूल गोल्ड दूध की कीमत 4 रुपये प्रति लीटर (5.5 फीसदी) बढ़ाई गई है।’’

इसी तरह दिल्ली-एनसीआर में दूध की सबसे बड़ी आपूर्तिकर्ता मदर डेयरी ने इस संबंध में कोई बयान जारी नहीं किया है, लेकिन आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, कंपनी ने अपने दूध की कीमतों में दो से चार रुपये प्रति लीटर तक की वृद्धि की है। नई दरें 12 नवंबर से लागू होंगी।

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में मदर डेयरी के टोंड दूध (बड़ी मात्रा में बिक्री वाले) की कीमत 58 रुपये से बढ़कर 60 रुपये प्रति लीटर हो गई है। वहीं, फुल क्रीम दूध (पाउच) की कीमत अब 72 रुपये के बजाय 76 रुपये प्रति लीटर होगी। पाउच वाले टोंड दूध की कीमत 60 रुपये से बढ़कर 62 रुपये प्रति लीटर हो गई है। डबल टोंड दूध अब 54 रुपये के बजाय 56 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। इसके अलावा गाय के दूध की कीमत भी 62 रुपये से बढ़ाकर 65 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मदर डेयरी के लिए भी किसानों से दूध खरीदने की लागत बढ़ गई है। इसके चलते कंपनी ने उत्पादन लागत में हुई वृद्धि का कुछ बोझ उपभोक्ताओं पर डालने का फैसला किया है।

मदर डेयरी दिल्ली-एनसीआर में अपने बिक्री केंद्रों, सामान्य खुदरा दुकानों और ई-कॉमर्स मंच के माध्यम से प्रतिदिन लगभग 35 लाख लीटर दूध बेचती है। देशभर में कंपनी की कुल दैनिक बिक्री 50 लाख लीटर से अधिक है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts