हजारीबाग की दनुआ घाटी में भीषण सड़क हादसा, पांच लोगों की मौत, 14 अन्य घायल

शव का अंतिम संस्कार करने वाराणसी जा रहे थे सभी, तेज रफ्तार टैंकर ने सवारी वाहन को पीछे से मारी टक्कर

हजारीबाग। झारखंड के हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र स्थित दनुआ घाटी में सोमवार को हुए सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 अन्य घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब शव का अंतिम संस्कार करने के लिए यात्रियों को लेकर वाराणसी जा रहे सवारी वाहन को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार टैंकर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन में सवार लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई।

पुलिस के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त वाहन में सवार सभी लोग गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र के बिहारो और सलैया गांव के रहने वाले थे। हादसे के वक्त बगोदर के अटका से एक शव लेकर वाहन वाराणसी जा रहा था। इसी दौरान जीटी रोड पर दनुआ घाटी में पीछे से आ रहे तेज रफ्तार टैंकर ने वाहन को टक्कर मार दी। हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 14 अन्य घायल हो गए।

दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। सूचना मिलते ही चौपारण थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची और बचाव कार्य में सहयोग किया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार ने पांच लोगों की मौत और 14 लोगों के घायल होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। फिलहाल मृतकों के शव हजारीबाग मेडिकल कॉलेज में रखे गए हैं।

हादसे में पांच लोगों की मौत की खबर मिलते ही बिहारो और सलैया गांव में मातम पसर गया। मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा है। परिजन और ग्रामीण घटनास्थल तथा अस्पताल की ओर रवाना हो गए हैं।–

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts