विज्ञान, तकनीक और डिजिटल सेवाओं में भारत ने हासिल की उल्लेखनीय प्रगति : राज्यपाल

रांची क्लब में आयोजित ‘स्वर्णिम भारत एक्सपो 2026’ का राज्यपाल ने किया उद्घाटन

रांची। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि भारत विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, अंतरिक्ष, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, आधारभूत संरचना और डिजिटल सेवाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति कर रहा है। राज्यपाल गुरुवार को रांची क्लब में आयोजित ‘स्वर्णिम भारत एक्सपो 2026’ के उद्घाटन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।

राज्यपाल ने युवाओं की भूमिका पर बल देते हुए कहा कि उनका ज्ञान, कौशल और रचनात्मकता देश की प्रगति को नई दिशा दे सकते हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने तथा शिक्षा, खेल, कौशल विकास एवं रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया। इस संदर्भ में उन्होंने प्रधानमंत्री के ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ का उल्लेख करते हुए कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखना और उन्हें सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत का संकल्प प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी से ही साकार होगा। उन्होंने सभी से अपने-अपने कार्यक्षेत्र में ईमानदारी, परिश्रम और उत्कृष्टता के साथ योगदान देने का आग्रह किया।

राज्यपाल ने राज्य के विभिन्न जिलों के सुदूरवर्ती गाँवों के अपने भ्रमण का उल्लेख करते हुए कहा कि इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर उन्हें केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक होने तथा उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह एक्सपो नागरिकों को सरकारी योजनाओं, आधुनिक तकनीक तथा रोजगार एवं कौशल विकास से जुड़े अवसरों की जानकारी प्रदान करने में उपयोगी सिद्ध होगा।

राज्यपाल ने झारखण्ड की विकास संभावनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्राकृतिक संसाधनों, समृद्ध जनजातीय विरासत, कला-संस्कृति और प्रतिभाशाली युवाओं से संपन्न राज्य में प्रगति की व्यापक संभावनाएँ हैं। आधुनिक ज्ञान, तकनीक, कौशल एवं उद्यमिता से इन क्षमताओं को जोड़कर राज्य के विकास को नई गति दी जा सकती है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि ‘स्वर्णिम भारत एक्सपो 2026’ नागरिकों को नए अवसरों से परिचित कराने तथा विकास प्रक्रिया में जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने में सार्थक भूमिका निभाएगा।

इस अवसर पर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और राज्यसभा सांसद आदित्य साहू, विधायक सीपी सिंह, मेयर रौशनी खलखो सहित कई लोग उपस्थित रहे। यह एक्सपो 22 से 24 अक्टूबर तक आयोजित किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, सरकारी संस्थानों की उपलब्धियों, वैज्ञानिक प्रगति और देश के विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण पहलों को आम लोगों तक पहुंचाना है। प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को भारत की विकास यात्रा, आधुनिक तकनीक, नवाचार और आत्मनिर्भरता की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी देने का प्रयास किया जा रहा है।

स्वर्णिम भारत एक्सपो का उद्देश्य ‘मेक इन इंडिया’ से ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना है। इसके माध्यम से देश में स्वदेशी उत्पादन को बढ़ावा देने, वैज्ञानिक उपलब्धियों को प्रदर्शित करने और विकास के विभिन्न क्षेत्रों में हो रही प्रगति के प्रति लोगों को जागरूक करने पर जोर दिया जा रहा है।

तीन दिनों तक चलने वाली इस राष्ट्रीय प्रदर्शनी के जरिए आम नागरिकों को केंद्र सरकार की योजनाओं और देश की विकास संबंधी उपलब्धियों को करीब से जानने का अवसर मिलेगा। रांची में इस आयोजन को देश की प्रगति, आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के लक्ष्य से जोड़कर देखा जा रहा है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts