मुख्यमंत्री ने एक-एक कर सुनीं लोगों की समस्याएं, त्वरित निदान के दिए निर्देश

रांची। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन मातृशोक के इस गहरे और भावुक क्षण में भी पूरी संवेदनशीलता के साथ जनहित से जुड़े अपने कर्तव्यों का निर्वहन निरंतर कर रहे हैं। शुक्रवार को मुख्यमंत्री के पैतृक गांव नेमरा में राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी फरियाद और समस्याएं लेकर पहुंचे। गहरा व्यक्तिगत दु:ख होने के बावजूद मुख्यमंत्री ने एक जनसेवक की अपनी जिम्मेदारी को सर्वोपरि रखा और लोगों के बीच पहुंचे।

मुख्यमंत्री ने स्वयं एक-एक कर वहां उपस्थित सभी लोगों से मुलाकात की, उनका कुशलक्षेम जाना और बेहद आत्मीयता से उनकी समस्याओं को सुना। मुख्यमंत्री ने दुःख की इस घड़ी में भी यह अहसास कराया कि वे हर परिस्थिति में राज्य की जनता के साथ खड़े हैं।

जनता की शिकायतों और समस्याओं को सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए सभी मामलों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निदान सुनिश्चित किया जाए। किसी भी फरियादी को निराश न लौटना पड़े, यह सुनिश्चित हो।

मुख्यमंत्री से सांसद और विधायक ने की मुलाकात

मुख्यमंत्री से उनके पैतृक गांव नेमरा में सांसद विजय हांसदा, सांसद राज्य सभा नलिन सोरेन, विधायक सरयू राय, विधायक अनंत प्रताप देव एवं विधायक अमित महतो ने मुलाकात की। इस दौरान सभी ने मुख्यमंत्री की मां दिवंगत रूपी सोरेन की चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा मुख्यमंत्री एवं उनके परिजनों प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की।

राजपरिवार के सदस्यों ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात

वहीं, मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से आज उनके पैतृक गांव नेमरा में छत्तीसगढ़ स्थित जशपुर राजपरिवार के सदस्यों ने मुलाकात की। इस दौरान महाराजा-सह-पूर्व सांसद रणविजय सिंह जूदेव, महारानी अमृता सिंह जूदेव, युवराज यश प्रताप जूदेव और राजकुमार आर्य प्रताप जूदेव ने मुख्यमंत्री से मिलकर अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट की। जशपुर राजपरिवार ने मुख्यमंत्री की दिवंगत मां रूपी सोरेन की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। महाराजा परिवार ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री अपनी मां के श्राद्धकर्म के तहत समाज के परंपराओं का कर रहे निर्वहन

मुख्यमंत्री अपनी दिवंगत मां रूपी सोरेन के आत्मा की शांति के लिए श्राद्ध कर्म संस्कार के नौवें दिन दातून, पानी एवं भोजन परोसने के रस्म का निर्वहन किये। इस भावुक क्षण में परंपरा के अनुरूप श्राद्ध कर्म संस्कार के सभी रीति-रिवाज मुख्यमंत्री के पारिवारिक सदस्यों की ओर से श्रद्धापूर्वक निभाया जा रहा है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts