जेसोवा का दीवाली मेला 29 अक्टूबर से 2 नवंबर तक, लगेंगे कई राज्यों के स्टॉल

रांची। झारखंड आईएएस ऑफिसर्स वाइव्स एसोसिएशन (जेसोवा) के जरिये इस बार दिवाली मेला 29 अक्टूबर से दाे नवंबर तक आयोजित होगा। मोरहाबादी मैदान में आयोजित हो रहे इस दीवाली मेला का आनंद सुबह 11 बजे से रात 09 बजे तक लाेग ले सकेंगे।

इसकी आधिकारिक घोषणा जेसोवा अध्यक्ष प्रीति कुमारी ने करते हुए बताया कि झारखंड आईएएस ऑफिसर्स वाइव्स एसोसिएशन (जेसोवा) एक स्वयंसेवी संस्था के रूप में निबंधित है।

उन्होंने बताया कि जेसोवा अपनी स्थापना से ही झारखंड में विभिन्न सामाजिक कल्याणकारी कार्यों में अपनी सहभागिता निभाती रही है। हमारी संस्था का मुख्य उद्देश्य समाज के हर उस वर्ग के लिए कल्याणकारी कार्य करना है, जो विशेषकर मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। इस उद्देश्य से जेसोवा हर ‘जेसोवा दिवाली मेले’ का आयोजन करती है और मेले से, जो आय होती है, वह समाज के कमजोर वर्ग के लोगों को समाज की मुख्य धारा में लाने के लिए प्रयासरत रहती है।

इस मौके पर जेसोवा दीवाली मेला 2026 का पोस्टर और ब्रोशर रिलीज करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले साल में जेसोवा ने झारखंड के विभिन्न जिलों के सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों को गोद लेकर उन्हें मॉडर्न नर्सरी स्कूल में परिवर्तित कर उनके शिक्षण को आधुनिक शिक्षण पद्धति से जोड़ा है। जेसोवा की ओर से महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने के लिए झारखंड के विभिन्न जिलों में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाता रहा है।

जेसोवा की ओर से आयोजित दिवाली मेले में देश के लगभग सभी राज्यों विशेषकर गुजरात, राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल और बिहार और झारखंड के विभिन्न जिलों से उद्यमी भाग लेंगे। इस साल मेले में स्वदेशी कपड़ों, जनजातीय भोजन और स्वदेशी कला जैसे कोहवर, सोहराई, मधुबनी पेंटिंग से संबंधित स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

इसके साथ ही मेले में निःशुल्क हेल्थ चेकअप कैंप और झारखंड सरकार की ओर से संचालित विभिन्न लोक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी से संबंधित स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र होंगे। आगंतुकों की सुविधा के लिए मेला परिसर में मोबाइल एटीएम की व्यवस्था भी की जा रही है। जेसोवा की ओर से इस बार दीवाली मेला को काफी आकर्षक एवं भव्य रूप से आयोजित करने का निर्णय लिया गया है, साथ ही इस साल मेले में स्टॉलों और मनोरंजन क्षेत्र के अलावा इंटर स्कूल चित्रांकन प्रतियोगिता, नृत्य प्रतियोगिता, फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता सहित कई कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts