मुख्यमंत्री की मां रूपी सोरेन की सेहत में सुधार, हालत स्थिर

-हिल व्यू अस्पताल में चल रहा इलाज, डॉक्टरों की टीम लगातार रख रही निगरानी

रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन की तबीयत में सुधार हो रहा है और उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई गई है। सांस लेने में कठिनाई और अन्य स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के बाद उन्हें 18 सितंबर की सुबह बरियातू स्थित हिल व्यू हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल के निदेशक डॉ. नितेश प्रिया के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम उनका इलाज कर रही है।

हिल व्यू हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. नितेश प्रिया ने शनिवार को पत्रकारों को बताया कि रूपी सोरेन की स्वास्थ्य स्थिति में सुधार के संकेत हैं। उन्होंने उनकी स्थिति को स्टेबल बताया। डॉ. नितेश के अनुसार, सांस लेने में परेशानी के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान उनकी सेहत में सुधार हुआ, हालांकि बीच में कुछ कॉम्प्लिकेशन सामने आए। इसके बाद चिकित्सकों की टीम लगातार उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। जरूरत के अनुसार उन्हें ऑक्सीजन भी दिया गया।

डॉ. नितेश प्रिया ने बताया कि रूपी सोरेन का उपचार पहले से देश के कई बड़े चिकित्सा संस्थानों के चिकित्सकों की सलाह से भी चल रहा है। सर गंगाराम हॉस्पिटल, दिल्ली और एआईजी हॉस्पिटल, हैदराबाद के विशेषज्ञों के साथ रांची के वरिष्ठ चिकित्सकों की सलाह के आधार पर उनके इलाज की लाइन ऑफ ट्रीटमेंट तय की गई है।

उन्होंने बताया कि अस्पताल में भर्ती होने के बाद से उनकी स्वास्थ्य स्थिति में उतार-चढ़ाव रहा है। जांच रिपोर्ट में संक्रमण के संकेत भी मिले थे। चिकित्सक उनकी स्थिति की लगातार निगरानी कर रहे हैं और उपचार के दौरान सामने आने वाली परिस्थितियों के अनुसार जरूरी चिकित्सा उपाय किए जा रहे हैं।

डॉ. नितेश प्रिया के मुताबिक, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, विधायक कल्पना सोरेन और झामुमो के अन्य नेता लगातार अस्पताल पहुंचकर रूपी सोरेन के स्वास्थ्य की जानकारी लेते रहे हैं। शुक्रवार को भी मुख्यमंत्री अस्पताल पहुंचे और उन्होंने चिकित्सकों से अपनी मां की स्वास्थ्य स्थिति तथा उपचार के बारे में विस्तृत जानकारी ली।

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, फिलहाल रूपी सोरेन की स्थिति स्थिर है और चिकित्सकों की टीम उनकी सेहत पर लगातार नजर बनाए हुए है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts