गांधी जयंती पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने बापू वाटिका पहुंचकर दी श्रद्धांजलि

सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के संदेश को जीवन में उतारने का आह्वान

रांची। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर शुक्रवार को राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने रांची के मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान बापू के प्रिय भजनों का श्रवण किया गया और उनके आदर्शों को स्मरण किया गया।

राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि महात्मा गांधी का सत्य, अहिंसा और स्वच्छता का संदेश हमेशा देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा। उनका जीवन मानवता, शांति, सद्भाव और समाजसेवा के मार्ग पर चलने की सीख देता है। उन्होंने कहा कि आज ही पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती भी है। शास्त्री जी के सादगीपूर्ण जीवन, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा को नमन करते हुए राज्यपाल ने कहा कि उनके आदर्श भी सदैव प्रेरणा देते रहेंगे।

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने इस अवसर पर कहा कि दो महान विभूतियों की जयंती का यह दिन देश के इतिहास में सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी लोग एकत्र होकर महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धासुमन अर्पित कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत का इतिहास ऐसे महान व्यक्तित्वों से समृद्ध रहा है, जिन्होंने देश और समाज को दिशा दिखाई। बापू के विचार और जीवन-दर्शन आने वाली पीढ़ियों को मानवता का मार्ग दिखाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गांधी के सिद्धांतों को आत्मसात करते हुए समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के कल्याण और सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में रक्षा राज्य मंत्री और स्थानीय सांसद संजय सेठ, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, विधायक कल्पना सोरेन समेत अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य लोग और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान बापू वाटिका परिसर उनके प्रिय भजनों और देशभक्ति गीतों से गूंजता रहा।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts