रांची। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर अपने खिलाफ झूठी, आपत्तिजनक और मानहानिकारक सामग्री प्रसारित किए जाने का आरोप लगाते हुए बेबी महतो ने साइबर थाना, रांची में शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा नेत्री बेबी महतो ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से फेसबुक पर उनके खिलाफ लगातार भ्रामक और आपत्तिजनक पोस्ट एवं कमेंट किए जा रहे हैं। उनका आरोप है कि इन पोस्टों के जरिए उनके व्यक्तिगत चरित्र, प्रतिष्ठा और सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।बेबी महतो ने शिकायत में कहा है कि सोशल मीडिया पर लगाए जा रहे आरोपों और बयानों का वास्तविकता से कोई संबंध नहीं है। सार्वजनिक रूप से इस तरह की सामग्री प्रसारित किए जाने से उन्हें मानसिक परेशानी के साथ-साथ सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचने की आशंका है।
उन्होंने साइबर थाना पुलिस से मामले की जांच कर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।








