जेन-जी को साधने की रणनीति पर भाजपा की बड़ी बैठक, युवा नेताओं से समझेगी देश का मिजाज

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अब देश की नई युवा पीढ़ी यानी जेन-जी के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति पर जोर दे रही है। युवाओं की बदलती सोच, उनकी प्राथमिकताओं और मौजूदा चुनौतियों को समझने के लिए पार्टी ने अपने चुनिंदा युवा नेताओं की एक अहम बैठक बुलाई है। यह बैठक भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन की ओर से आयोजित की जा रही है।

बैठक शनिवार को सुबह 11 बजे भाजपा मुख्यालय में होगी। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, इसमें देशभर से करीब 45 नेताओं को आमंत्रित किया गया है। प्रत्येक राज्य से दो से तीन नेताओं को बैठक में शामिल किए जाने की जानकारी है। बैठक में जेन-जी और युवा पीढ़ी के बदलते मिजाज, उनकी प्राथमिकताओं और उनके सामने मौजूद चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है।

इसके साथ ही इस बात पर भी मंथन किया जाएगा कि युवाओं से जुड़े मुद्दों को राजनीतिक और संगठनात्मक स्तर पर किस तरह बेहतर ढंग से समझा और संबोधित किया जाए। पार्टी नेतृत्व का फोकस युवाओं के साथ संवाद बढ़ाने और उनकी आकांक्षाओं को सीधे समझने पर रहने की उम्मीद है।

इस बैठक में मौजूदा केंद्रीय मंत्रियों, वर्तमान और पूर्व सांसदों, पूर्व मंत्रियों, विधायकों तथा विभिन्न राज्यों में मंत्री पद संभाल रहे नेताओं को भी आमंत्रित किया गया है। भाजपा नेतृत्व अलग-अलग राज्यों, क्षेत्रों और राजनीतिक अनुभव वाले युवा नेताओं से सीधे संवाद के जरिए देश के युवाओं की सोच और अपेक्षाओं को समझना चाहता है।

बैठक में युवाओं से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर चर्चा हो सकती है। इनमें रोजगार, शिक्षा, तकनीक, डिजिटल बदलाव और बदलती सामाजिक-आर्थिक प्राथमिकताएं प्रमुख विषय हो सकते हैं। इसके अलावा पार्टी युवाओं तक अपनी नीतियों और कार्यक्रमों की पहुंच को और प्रभावी बनाने तथा युवा मतदाताओं के साथ संवाद के नए तरीकों पर भी विचार कर सकती है।

भाजपा की यह बैठक ऐसे समय में हो रही है जब देश की राजनीति में युवा मतदाताओं की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण हो रही है। माना जा रहा है कि पार्टी की यह पहल जेन-जी और युवा मतदाताओं के बीच अपनी पहुंच मजबूत करने की व्यापक रणनीति का हिस्सा है। आने वाले समय में इस बैठक से निकलने वाले सुझावों को पार्टी की संगठनात्मक और राजनीतिक रणनीति में शामिल किए जाने की संभावना है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts