मणिपुर में 46 उग्रवादियों का आत्मसमर्पण, दो उग्रवादी और ड्रग्स तस्करी के आरोपित गिरफ्तार

इंफाल। मणिपुर में शांति बहाली के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सुरक्षा बलों को मंगलवार को तब बड़ी सफलता मिली, जब प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन केसीपी (ताइबांगनबा) के 46 कैडरों ने हथियार डालकर मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया। इस दौरान दो अन्य उग्रवादी कैडरों और ड्रग्स तस्करी के एक आरोपित को भी गिरफ्तार किया गया।

इंफाल स्थित प्रथम मणिपुर राइफल्स परेड ग्राउंड में आयोजित घर वापसी समारोह में 46 कैडरों ने मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह के समक्ष आत्मसमर्पण किया। उन्होंने 20 हथियार, 216 राउंड गोला-बारूद और तीन विस्फोटक भी सुरक्षा बलों को सौंपे। आत्मसमर्पण करने वाले कैडरों के पुनर्वास की प्रक्रिया भारत सरकार की ‘नॉर्थ ईस्ट राज्यों में उग्रवादियों के आत्मसमर्पण और पुनर्वास के लिए संशोधित योजना, 2018’ के तहत की जाएगी।

इस बीच, इंफाल पश्चिम जिले के इंफाल थाना क्षेत्र के केइशमपट लीमाजाम लीकाई इलाके में तलाशी अभियान के दौरान सीडीओ-आईडब्ल्यू की टीम ने केसीपी (पीडब्ल्यूजी) के सदस्य ख्वाइराकपाम मालेमचाओबा मैतेई (29) उर्फ मैतेई को गिरफ्तार किया।

वहीं, 17 अगस्त को सुरक्षा बलों ने बिष्णुपुर जिले के नामबोल थाना क्षेत्र स्थित नामबोल चिंगमांग क्रॉसिंग से यूएनएलएफ (के) के सक्रिय कैडर सलाम टोम्बा सिंह (22) उर्फ इटोम्बा, टोंडोनबा और एटोम्बा को गिरफ्तार किया। उस पर जबरन वसूली में शामिल होने का आरोप है। उसके कब्जे से लाल रंग की होंडा एक्टिवा (एमएन-01एबी-8812) बरामद की गई।

इसी दिन नारकोटिक्स एंड अफेयर्स ऑफ बॉर्डर (एनएबी) थाना पुलिस ने कांगपोकपी जिले के सैतु गम्फाजोल इलाके से मणिकुमार सुनारी को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई कोडीनयुक्त हजारों कफ सिरप की बोतलों की जब्ती से संबंधित एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज प्राथमिकी की जांच के दौरान की गई।

———–

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts