पलाश मार्ट के जरिए ग्रामीण महिला उद्यमियों को मिला बड़ा बाजार
तसर सिल्क की साड़ियां, पारंपरिक डोकरा शिल्प, जीरा फूल राइस और प्राकृतिक उत्पाद बने आकर्षण का केंद्र
नई दिल्ली/रांची: भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (IITF)-2026 में झारखंड पवेलियन स्थित पलाश मार्ट आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। यहां प्रदर्शित झारखंड के पारंपरिक हस्तशिल्प, तसर सिल्क परिधान, प्राकृतिक एवं हर्बल उत्पादों और स्थानीय कृषि उत्पादों को लोगों की अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) के सहयोग से संचालित पलाश ब्रांड ग्रामीण महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को एक साझा पहचान और व्यापक बाजार उपलब्ध करा रहा है। आईआईटीएफ जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय मंच के माध्यम से महिला उद्यमियों को नए ग्राहकों से जुड़ने, अपने उत्पादों की ब्रांडिंग करने और कारोबार के विस्तार के अवसर मिल रहे हैं।
जनजातीय आभूषण से लेकर प्राकृतिक उत्पाद की मांग
पलाश मार्ट में जनजातीय डिजाइन से प्रेरित धातु के आभूषण, हस्तनिर्मित साबुन, प्राकृतिक तेल, हर्बल ब्यूटी उत्पाद और जैविक वस्तुएं विशेष आकर्षण बने हुए हैं। जमशेदपुर के बिशुनपुर स्थित तुरकेपुर की उद्यमी मीनू रक्षित अपने स्टॉल पर नारियल और मावा तेल से तैयार करीब 20 प्रकार के हस्तनिर्मित साबुन प्रदर्शित कर रही हैं। इसके अलावा हल्दी, एलोवेरा, नीम और तुलसी से बने तेल एवं क्रीम तथा मधुमक्खी के छत्ते और चुकंदर पाउडर से तैयार विशेष लिप बाम भी उनके उत्पादों में शामिल हैं। मीनू के अनुसार, उत्पादों में रासायनिक तत्वों का इस्तेमाल नहीं किया जाता और फूलों एवं पत्तियों से प्राकृतिक खुशबू तैयार की जाती है। पिछले वर्ष उनके उत्पाद खरीदने वाले ग्राहक इस बार भी खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं।
जीरा फूल राइस की पहचान अब राज्य से बाहर भी
झारखंड का विशिष्ट जीरा फूल राइस भी मेले में लोगों की दिलचस्पी बढ़ा रहा है। अपनी जीरे जैसी विशिष्ट खुशबू और स्वाद के लिए पहचाना जाने वाला यह पारंपरिक चावल अब राज्य से बाहर भी अपनी पहचान बना रहा है। इसकी बढ़ती मांग झारखंड के स्थानीय कृषि उत्पादों को राष्ट्रीय बाजार से जोड़ने की संभावनाओं को प्रदर्शित करती है।
जीआई टैग प्राप्त डोकरा आर्ट से बनी मूर्तियाँ पुरानी परंपरा की पहचान
इसके साथ ही करीब 4,500 वर्ष पुरानी पारंपरिक धातु शिल्पकला डोकरा आर्ट से तैयार मूर्तियां, सजावटी वस्तुएं और बर्तन भी आगंतुकों का ध्यान खींच रहे हैं। अपनी बारीक कारीगरी और विशिष्ट कलात्मकता के लिए प्रसिद्ध इस शिल्प को झारखंड में जीआई टैग प्राप्त है।
30 लाख रुपये तक पहुंची पलाश मार्ट की बिक्री
पलाश मार्ट के स्टेट कोऑर्डिनेटर मुकेश सचिन ने बताया, “IITF-2026 में पलाश मार्ट की कुल बिक्री 30 लाख रुपये तक पहुंच चुकी है। आगंतुकों की भारी भीड़ और उत्पादों के प्रति लोगों का प्यार एवं उत्साह देखने को मिल रहा है। यह ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों की बढ़ती लोकप्रियता और उनकी मेहनत को मिल रही पहचान का प्रमाण है।
पलाश मार्ट में प्रदर्शित तसर सिल्क की साड़ियों और सूट की आकर्षक विविधता भी आगंतुकों को खूब लुभा रही है। पारंपरिक बुनाई, खूबसूरत डिजाइन और आकर्षक रंगों वाले इन परिधानों को लेकर खरीदारों में खास उत्साह देखा जा रहा है।







