मुख्यमंत्री ने एक्स पर पोस्ट कर पूर्व सीएम और उनके परिवार के प्रति व्यक्त की संवेदना
रांची। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की मां के निधन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा शोक व्यक्त किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर संदेश साझा कर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना जताई।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को एक्स पर लिखा कि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और बड़े भाई अर्जुन मुंडा की मां के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। मां का निधन जीवन की अपूरणीय क्षति है। इस दुख की घड़ी में अर्जुन मुंडा और उनके पूरे परिवार के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं। उन्होंने मारांग बुरु से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने और शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।







