वीबी-जी राम जी योजना के तहत ग्रामीण इलाकों में मजबूत होगी सड़क कनेक्टिविटी- मुख्य सड़क से वंचित बसावटों को निर्माण में दी जाएगी प्राथमिकता

रांची। झारखंड में ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज विभाग की मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की पहल पर राज्य के ग्रामीण इलाकों में सड़क कनेक्टिविटी मजबूत करने की दिशा में कदम उठाया गया है। विकसित भारत जी राम जी (वीबी जी राम जी) योजना के तहत राज्य में 12,500 किलोमीटर जीएसबी (ग्रेन्युलर सब-बेस) सड़कों के निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। विभाग ने शुक्रवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर यह जानकारी दी।
विभाग के अनुसार, सड़क निर्माण कार्य में उन ग्रामीण बसावटों को प्राथमिकता दी जाएगी, जो अब तक मुख्य सड़क मार्ग से नहीं जुड़ी हैं अथवा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृत नहीं हैं।
विभाग की ओर से बताया गया कि राज्य के सभी 24 जिलों में सड़क निर्माण का लक्ष्य तय किया गया है। पूर्वी सिंहभूम में सर्वाधिक 1,400 किलोमीटर सड़क बनाई जाएगी। इसके अलावा पलामू में 1,100, गढ़वा में 1,000, चतरा में 850 और लातेहार में 800 किलोमीटर सड़क निर्माण का लक्ष्य है। पश्चिमी सिंहभूम में 750, जबकि हजारीबाग में 700 किलोमीटर सड़क बनाई जाएगी। बोकारो और गोड्डा में 600-600 किलोमीटर सड़क निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि ग्रामीण सड़कों का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है। इससे किसानों को कृषि उपज, सब्जियां, फल और लघु वनोपज बाजार तक पहुंचाने में सहूलियत होगी। साथ ही परिवहन लागत और आवागमन का समय कम होगा तथा रोजगार और आजीविका के अवसर बढ़ेंगे।
उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सड़कों का निर्माण इस तरह किया जाए कि वे टिकाऊ हों और ग्रामीणों को लंबे समय तक इसका लाभ मिल सके।










