‘पीएम सूर्यघर’ योजना के तहत अबतक 50 लाख से अधिक रूफटॉप सौर संयंत्र स्थापित

नई दिल्ली। पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल कर ली है, जिसके तहत देशभर में 50.06 लाख से अधिक परिवार अब रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन से लाभान्वित हो रहे हैं। वहीं, इस योजना के क्रियान्वयन में डिजिटल मंच, बिजली वितरण कंपनियों का एकीकरण और त्वरित सब्सिडी भुगतान जैसी व्यवस्थाएं शामिल हैं।

नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय ने मंगलवार को जारी बयान में कहा कि ‘पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना’ के तहत देशभर में 50.06 लाख से अधिक घरों में छतों पर (रूफटॉप) सौर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। मंत्रालय ने कहा कि योजना की शुरुआत के दो वर्ष से कुछ अधिक समय में यह उपलब्धि हासिल की गई है, जबकि इससे पहले 10 साल में 7.94 लाख घरों में छतों पर (रूफटॉप) सौर संयंत्र ही स्थापित किए गए थे।

मंत्रालय ने बतााया कि 75,021 करोड़ रुपये के परिव्यय वाली इस योजना के तहत रूफटॉप सौर क्षमता के विस्तार में तेजी आई है। आंकड़ों के अनुसार पिछले 9 महीनों में इन संयंत्रों की स्थापना की गति 3.2 गुना बढ़ी है, जबकि दैनिक स्थापना अक्टूबर, 2025 के 5,038 से बढ़कर जुलाई, 2026 में करीब 16,328 हो गई है। जुलाई, 2026 में 5.06 लाख घरों में छतों पर सौर संयंत्र लगाए गए हैं, जो अब तक का सर्वाधिक मासिक आंकड़ा है।

नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय ने कहा कि योजना के लाभार्थियों को अब तक 28,024 करोड़ रुपये की सब्सिडी प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से जारी की जा चुकी है। इसका परिणाम यह हुआ है कि करीब 19 लाख परिवारों के बिजली बिल शून्य हो गए हैं। वित्त वर्ष 2024-25 में 12 लाख से अधिक परिवारों ने खपत से अधिक पैदा हुई बिजली को बेचकर कुल 421 करोड़ रुपये अर्जित किए, जो प्रति परिवार औसतन करीब 3,500 रुपये की वार्षिक आय के बराबर है।

मंत्रालय के मुताबिक रियायती दर पर ऋण सुविधा 21.87 लाख आवेदकों को स्वीकृत की गई है, जिनमें से 17.5 लाख स्थापना ऋण के माध्यम से पूरी की जा चुकी हैं। इस योजना के तहत अब तक 14.8 गीगावाट की रूफटॉप सौर क्षमता स्थापित की जा चुकी है। इसके अलावा 34,219 पंजीकृत विक्रेताओं का नेटवर्क विकसित हुआ है, जिनमें से 29,469 सक्रिय हैं और 2.32 लाख से अधिक लोगों को प्रशिक्षण दिया गया है।

सूरज की ऊर्जा से 50 लाख भारतीय घरों को बिजली

केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने ‘एक्स’ पर जारी पोस्ट में कहा कि पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना लाखों परिवारों के लिए स्वच्छ ऊर्जा को हकीकत बना रही है। उन्होंने बताया कि 19 लाख से ज़्यादा घरों में बिजली का बिल जीरो आ रहा है। ये योजना नागरिकों को सशक्त बना रही है और भारत को स्वच्छ और ऊर्जा-सुरक्षित भविष्य की ओर तेज़ी से आगे बढ़ा रही है।

जोशी ने कहा कि सरकारी इमारतों की छतों पर सौर संयंत्र लगाने की पहल के तहत केंद्र और राज्यों द्वारा चिह्नित 1.06 लाख भवनों में संयंत्र लगाए जा चुके हैं। इसमें केंद्र सरकार की 25 हजार से ज्यादा और राज्य सरकार की 81 हजार से भी अधिक इमारतों में रूफटॉप सोलर से बिजली मिल रही है, जिससे स्वच्छ, टिकाऊ और ऊर्जा-सुरक्षित भविष्य की ओर भारत का सफ़र और मज़बूत हो रहा है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts