तन्वी पत्री ने जीता बैडमिंटन एशिया अंडर-17 का खिताब, शाइना मनिमुथु को हराकर बनीं चैंपियन

नई दिल्ली।भारत की 15 वर्षीय तन्वी पत्री ने रविवार को बैडमिंटन एशिया अंडर-17 एवं अंडर-15 जूनियर चैंपियनशिप में लड़कियों के अंडर-17 एकल वर्ग का खिताब जीत लिया। फाइनल में तन्वी ने शानदार वापसी करते हुए हमवतन शाइना मनिमुथु को 11-15, 15-10, 15-12 से हराया।

ओडिशा की तन्वी ने इस जीत के साथ महाद्वीपीय अंडर-17 खिताब अपने नाम किया। उन्होंने इससे पहले पोंटियानक इंटरनेशनल चैलेंज में अपना पहला अंतरराष्ट्रीय खिताब जीता था और इसी साल बेंगलुरु में ऑल इंडिया जूनियर अंडर-19 बैडमिंटन रैंकिंग टूर्नामेंट का खिताब भी अपने नाम किया था।

तन्वी ने 2024 में अंडर-15 एशियाई खिताब जीता था और अब उन्होंने अंडर-17 एशियाई चैंपियन बनकर अपनी उपलब्धियों में एक और बड़ी सफलता जोड़ ली है। उनकी जीत के साथ भारत ने लगातार दूसरे वर्ष अंडर-17 लड़कियों के एकल का खिताब अपने पास बरकरार रखा। पिछले साल दीक्षा सुधाकर ने यह खिताब जीता था।

दूसरी वरीयता प्राप्त तन्वी ने फाइनल तक पहुंचने के लिए कड़े मुकाबलों से गुजरते हुए शानदार प्रदर्शन किया। पहले दौर में बाई मिलने के बाद उन्होंने चीन की झोउ जिंग ली को 18-16, 12-15, 15-13 से हराया। इसके बाद उन्होंने जापान की शिजुकु काशियो को 15-9, 15-12 से शिकस्त दी।

क्वार्टर फाइनल में तन्वी ने चीन की लिन हेंग मेन को 15-8, 15-8 से सीधे गेमों में हराया। सेमीफाइनल में भी उन्होंने दबाव के बीच धैर्य बनाए रखा और चीन की यू यिंग गुई को 15-9, 11-15, 15-11 से हराकर फाइनल में जगह बनाई।

वहीं, छठी वरीयता प्राप्त शाइना मनिमुथु ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताबी मुकाबले में जगह बनाई। उन्होंने क्वार्टर फाइनल में जापान की युई इताबाशी को हराया, जबकि सेमीफाइनल में एक अन्य जापानी खिलाड़ी अनोन ओकिमोटो को 15-13, 15-12 से शिकस्त दी। शाइना को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। वह पिछले साल अंडर-15 एशियाई खिताब जीत चुकी हैं।

अंडर-15 वर्ग में भी भारत ने पदक जीता। आदित्य सिंह नेगी और तनमय वर्मा की जोड़ी ने लड़कों के युगल में कांस्य पदक हासिल किया। भारतीय जोड़ी शनिवार को सेमीफाइनल में चीनी ताइपे के बो लिन हो और जुई एन होउ से 5-15, 10-15 से हार गई थी।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts