तमिलनाडु के पूर्व उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन गिरफ्तार

चेन्नई। तमिल अभिनेत्री तृषा कृष्णन पर आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में तमिलनाडु विधानसभा में विपक्ष के नेता एवं राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन को मंगलवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की पार्टी तमिलगा वेत्रि कड़गम (टीवीके) की ओर से पुलिस और राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) में शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद की गई।

टीवीके की तंजावुर केंद्रीय जिला महिला विंग की संयोजक एस. बैरवी ने तंजावुर पूर्व पुलिस थाने में उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पार्टी ने राष्ट्रीय महिला आयोग से भी मामले में हस्तक्षेप करते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और बाद में उदयनिधि स्टालिन को गिरफ्तार कर लिया।

राज्य के मुख्य विपक्षी दल द्रविण मुनेत्र कड़गम (द्रमुक) के नेता उदयनिधि स्टालिन ने इस मामले में गिरफ्तारी से बचने के लिए मद्रास उच्च न्यायालय में अग्रिम जमानत की अर्जी दाखिल की थी। हालांकि, उस पर सुनवाई होने से पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, उदयनिधि के खिलाफ तमिलनाडु के विभिन्न हिस्सों में अब तक 6 एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं।

गिरफ्तारी से पहले उदयनिधि स्टालिन के आवास के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। दरअसल, उनकी कथित टिप्पणी के विरोध में टीवीके कार्यकर्ताओं ने उनके घर का घेराव करने का ऐलान किया था। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पुलिस ने पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी।

यह विवाद सोमवार को कावेरी जल विवाद को लेकर तंजावुर में आयोजित रैली के दौरान दिए गए उदयनिधि स्टालिन के भाषण के बाद शुरू हुआ। रैली में मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की आलोचना करते समय भीड़ से अभिनेत्री तृषा कृष्णन के नाम के नारे लगाए जाने लगे। वायरल वीडियो के अनुसार, उदयनिधि ने पहले कावेरी जल विवाद पर राज्य सरकार को घेरा और कहा कि राज्य को कावेरी का एक बूंद पानी भी नहीं मिला, लेकिन मुख्यमंत्री इस मुद्दे पर चुप हैं। इसी दौरान नारेबाजी जारी रहने पर उन्होंने मुस्कुराते हुए एक टिप्पणी की, जिसे कई लोगों ने अभिनेत्री तृषा और मुख्यमंत्री विजय के कथित संबंधों को लेकर सोशल मीडिया पर लंबे समय से चल रही अफवाहों से जोड़कर देखा।

वीडियो वायरल होने के बाद विपक्षी दलों और टीवीके ने इस टिप्पणी को महिलाओं का अपमान बताते हुए कड़ा विरोध जताया। टीवीके विधायक रेवंत चरण ने कहा कि किसी महिला के बारे में इस तरह की टिप्पणी पूरी तरह अस्वीकार्य है। उन्होंने आरोप लगाया कि द्रमुक नेतृत्व राजनीतिक संवाद का स्तर लगातार गिरा रहा है और जानबूझकर उकसावे वाली राजनीति कर रहा है।

हालांकि, द्रमुक ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता टीआर बालू ने कहा कि उदयनिधि स्टालिन ने किसी व्यक्ति विशेष का नाम लेकर कोई टिप्पणी नहीं की। उन्होंने कहा, “उन्होंने उस महिला के बारे में एक शब्द भी नहीं कहा है। यह पूरा आरोप झूठा और राजनीतिक रूप से प्रेरित है।”

उधर, द्रमुक के राज्यसभा सांसद पी. विल्सन ने गिरफ्तारी की आलोचना करते हुए इसे राजनीतिक प्रतिशोध करार दिया। उनका आरोप है कि राज्य सरकार कावेरी जल विवाद और कर्नाटक द्वारा तमिलनाडु को पर्याप्त पानी नहीं छोड़े जाने जैसे गंभीर मुद्दों से जनता का ध्यान हटाने के लिए इस विवाद का इस्तेमाल कर रही है।

इस विवाद को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उदयनिधि स्टालिन की आलोचना की। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता नारायणन तिरुपति ने बयान को अशोभनीय, अश्लील और शर्मनाक बताते हुए उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

इस बीच, पुलिस ने कहा है कि शिकायतों और उपलब्ध वीडियो साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच जारी है। वहीं, उदयनिधि स्टालिन की गिरफ्तारी के बाद राज्य में राजनीतिक माहौल और अधिक गर्मा गया है। द्रमुक और टीवीके के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।-

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
Picture of अंग भारत • रिपोर्टर

अंग भारत • रिपोर्टर

‘अंग भारत’ एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र है, जो मिलन ग्रुप द्वारा संचालित एक बहुआयामी मीडिया संगठन का हिस्सा है। हमारा कॉर्पोरेट कार्यालय बिहार के ऐतिहासिक अंग प्रदेश के पवित्र स्थान बांका में स्थित है। हमारा उद्देश्य निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना है।”

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts